दिल्ली के लाल किले के पास हुए बम ब्लास्ट के बाद महराजगंज जनपद में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रदेश में पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली में हुए इस ब्लास्ट के बाद महराजगंज की भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। नेपाल से भारत आने-जाने वाले हर व्यक्ति की पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों द्वारा गहन जांच की जा रही है। उनके सामानों की भी तलाशी ली जा रही है, जिसके बाद ही उन्हें प्रवेश की अनुमति मिल रही है। महराजगंज के पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने खुद मोर्चा संभाला है। वह पुलिसकर्मियों के साथ रेलवे स्टेशनों पर सघन चेकिंग करते हुए नजर आ रहे हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद, भारत-नेपाल की खुली सीमा को देखते हुए एसएसबी और पुलिस के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। सीमा पर आने-जाने वाले लोगों की कड़ी निगरानी और जांच जारी है।