बदायूं में अधिकारी सड़क पर उतरे:दिल्ली में धमाके के बाद संदिग्धों से पूछताछ, वाहनों की चेकिंग की गई

दिल्ली में लालकिले के पास हुए धमाके के बाद बदायूं में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। देर रात जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. ब्रजेश सिंह ने शहर में फुट पेट्रोलिंग की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध वाहनों और लोगों की गहन चेकिंग की गई। अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड, प्रमुख होटलों और ढाबों का दौरा किया। वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की गई और उनकी तलाशी ली गई। साथ ही, वाहनों की भी सघन जांच की गई। एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने बताया कि दिल्ली में हुए ब्लास्ट की सूचना मिलते ही पूरे जनपद में सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया है। सभी होटल, सराय, ढाबे और लावारिस खड़े वाहनों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी उप-जिलाधिकारियों (एसडीएम) और क्षेत्राधिकारियों (सीओ) को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति की सूचना तत्काल जिला स्तर पर देने को कहा गया है, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। फिलहाल, चेकिंग के दौरान कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला है। धार्मिक स्थलों पर भी सुरक्षा जांच जारी रहेगी।