अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की लखनऊ उत्तर जिले की त्रिवेणी नगर इकाई ने नशा मुक्ति जन जागरण यात्रा का आयोजन किया। यह कार्यक्रम गोमती पार्टी लॉन, बंधा रोड, त्रिवेणी नगर से प्रारंभ हुआ, जिसमें सैकड़ों विद्यार्थी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत सभी उपस्थितों द्वारा शपथ ग्रहण से हुई। इसमें सभी ने अपने समाज में नशे से दूर रहने का संदेश फैलाने और दूसरों को भी इस दिशा में प्रेरित करने की प्रतिज्ञा ली। नशा समाज और परिवार को प्रभावित करता हैं… इस अवसर पर महानगर SFS के सह संयोजक अभय शंकर पांडेय और जिला संयोजक अभिषेक सिंह सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे। अभिषेक सिंह ने नशामुक्ति जन जागरण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्तिगत जीवन को प्रभावित करता है, बल्कि समाज और परिवार को भी गहरे रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सही शिक्षा ही युवाओं को इस गंभीर समस्या से बचा सकती है। नशा मुक्ति का संदेश दिया यात्रा के दौरान अनेक स्थानों पर नशे के खतरों पर स्लोगन और बैनर के माध्यम से संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने हाथ में पोस्टर और पम्पलेट लेकर जागरूकता फैलाने का कार्य किया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस प्रकार के अभियान युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा भरते हैं और समाज को एक स्वस्थ तथा नशामुक्त दिशा में ले जाने में सहायक होते हैं। यात्रा सफल और सार्थक साबित हुई कार्यक्रम का समापन अभिवादन और शपथ के साथ हुआ, जिसमें सभी ने नशा मुक्ति का संदेश लगातार अपने समाज में पहुँचाने का संकल्प लिया। ABVP के इस आयोजन ने युवाओं को नशे से दूर रहने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया, जिससे यह यात्रा सफल और सार्थक साबित हुई।