दिल्ली धमाके के बाद यूपी में हाई अलर्ट:जौनपुर में पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान

दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसी क्रम में जौनपुर जिले में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के नेतृत्व में शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, सदर देवेश सिंह और नगर कोतवाल विश्वनाथ सिंह सहित भारी पुलिस बल शामिल है। पुलिसकर्मी लगातार पैदल मार्च कर रहे हैं और संदिग्ध वाहनों की गहनता से जांच कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता भी विभिन्न स्थानों पर सक्रिय है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में घूम रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनकी तलाशी भी ली जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया सेल को 24 घंटे निगरानी रखने का निर्देश दिया है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी को फैलने से रोका जा सके। सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि दिल्ली की घटना के मद्देनजर मुख्यालय से हाई अलर्ट जारी किया गया है। इसके तहत शहर के मुख्य स्थानों जैसे रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और धार्मिक स्थलों पर सघन चेकिंग की जा रही है। उन्होंने बड़ी मस्जिद, अटाला मस्जिद और भंडारी स्टेशन पर विशेष जांच का उल्लेख किया। सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुराने धरोहर स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।