सोनभद्र में किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन:तूफान से नुकसान, धान खरीद में कटौती समेत कई मांगों पर सीएम से अपील

किसाना नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। यह ज्ञापन किसानों और नौजवानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर दिया गया। मोर्चा ने हाल ही में आए तूफान से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई जल्द से जल्द करने की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मिलर धान खरीद में 5% की कटौती कर रहे हैं, जिसे तत्काल बंद किया जाना चाहिए। ज्ञापन में कहा गया है कि किसानों को समय पर डीएपी खाद नहीं मिल पा रही है, जिससे फसलें प्रभावित हो रही हैं। मोर्चा ने मांग की कि जिस प्रकार खाद के पैकेट का वजन घटाकर 45 किलो कर दिया गया है, उसी प्रकार किसानों के धान की खरीद में भी 100 कुंतल को 90 कुंतल माना जाए, ताकि उन्हें उचित मूल्य मिल सके। संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि खराब हुई फसलों का मुआवजा तुरंत दिया जाए और किसानों का ऋण माफ किया जाए। उन्होंने न्याय पंचायत स्तर पर सभी किसानों की फसलों की खरीद सुनिश्चित करने की भी मांग की। मिश्रा ने जोर देकर कहा कि जब तक अन्नदाता खुशहाल नहीं होगा, देश बदहाल रहेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में शिवचरन पटेल, सर्वेष तिवारी, अतुल चौबे, ऋषब चौबे, दिनेश चेरो, सत्रतुधन बिन्द, बिजय बिन्द, संजय बियार, विजय बिन्द, आशीष मौर्या, रामयस खरवार, सुजीत विश्वकर्मा, भोलू गुप्ता, आकाश मोदनवाल, रोहित सोनकर, आनन्द चौबे, विजय पटेल, विक्की पटेल सहित सैकड़ों किसान और मोर्चा के सदस्य मौजूद रहे।