बरेली में ट्रक-बाइक की टक्कर में युवती की मौत:भाई गंभीर घायल; शव पोस्टमार्टम को भेजा

बरेली के फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक क्षेत्र में शाही रोड पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवती की मौत हो गई। इस घटना में उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। यह हादसा रविवार देर रात फतेहगंज पश्चिमी-शाही रोड पर अगरास मोड़ के आगे नहर की पुलिया के पास हुआ। थाना शाही के गांव दुनका निवासी 30 वर्षीय सबीना अपने भाई साजिद के साथ बाइक से गांव अगरास में एक रिश्तेदार के यहां से अपने घर दुनका लौट रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। बाइक पर पीछे बैठी सबीना का सिर ट्रक के पहिए की चपेट में आ गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बाइक चला रहा साजिद भी चोटिल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को इलाके के एक मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां डॉक्टरों ने सबीना को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके भाई साजिद की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।