बरेली के राजश्री मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्र को उसी के दोस्त ने अगवा कर लिया। वह जब देर रात तक हॉस्टल नहीं लौटा तो छात्रों ने कॉलेज प्रशासन को सूचना दी। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि उसका अपहरण बाहरी लोगों ने नहीं, बल्कि उसके दो क्लासमेट्स ने बाहर के दो युवकों को साथ मिलाकर किया था। पुलिस ने अगवा करने वाले दो दोनों दोस्तों को हिरासत में ले लिया है। जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस अब उनकी तलाश कर रही है। गौरव के पास पैसे होने की चर्चा से बना अपहरण का प्लान कॉलेज में काफी समय से चर्चा थी कि गौरव के बैंक खाते में काफी रुपये हैं। ये बात धीरे-धीरे उसके दो करीबी साथियों तक पहुंची। दोनों छात्रों ने इस लालच में बाहर के कुछ युवकों से संपर्क किया और गौरव से रुपये निकलवाने की योजना बनाई। रविवार को दोपहर में दोनों दोस्तों ने गौरव से कहा कि चलो थोड़ा बाहर घूमकर आते हैं। विश्वास में आने पर गौरव उनके साथ कार में बैठ गया। कार में पहले से ही बाहर के दो युवक मौजूद थे। रास्ते में बातों-बातों में उन्होंने कार को शहर से बाहर सुनसान इलाकों की तरफ मोड़ दिया। जंगल में ले जाकर धमकाया, ATM से पैसे निकलवाने का दबाव पुलिस की जांच में सामने आया कि चारों युवक गौरव को फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के पास जंगल जैसी जगह पर ले गए। वहां उसे धमकाया गया, डराया गया और बैंक खाते से रुपये निकलवाने का दबाव बनाया गया। लेकिन खाते में करोड़ों रुपये होने की चर्चा झूठी निकली। खाते में सिर्फ करीब 80 हजार रुपये थे। बदमाशों ने सोचा कि सोमवार सुबह ATM से रुपये निकलवा लेंगे, इसलिए गौरव को अपने साथ ही रखा गया। रात तक हॉस्टल न लौटने पर हुई जानकारी रात 10 बजे के बाद जब न गौरव लौटा और न उसके दो साथी, तो हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों को संदेह हुआ। इसकी जानकारी कॉलेज प्रशासन तक पहुंची। तुरंत फतेहगंज पश्चिमी पुलिस को सूचना दी गई। रात में ही SOG, सर्विलांस सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने तीनों छात्रों के मोबाइल की अंतिम लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन ट्रेस हुई तो बदमाश घबराए, कार छोड़कर फरार जैसे ही पुलिस टीम पिथुपुरा रोड के आसपास पहुंचने वाली थी, लोकेशन एवरेजिंग से यह पता चल गया कि पुलिस बेहद नजदीक है। इस डर से बदमाशों ने गौरव को वही रास्ते में छोड़ दिया और कार लेकर भागने लगे। लेकिन कुछ दूर जाकर उन्होंने पुलिस से बचने के लिए कार भी छोड़ दी और पिथुपुरा रोड के पास खेतों के रास्ते फरार हो गए। कार मालिक और दो छात्र हिरासत में पुलिस ने कार नंबर के आधार पर उसके मालिक को घर से हिरासत में ले लिया। कार मालिक ने बताया कि उसने गाड़ी किसी परिचित को दी थी।इसी दौरान पुलिस ने गौरव के दोनों क्लासमेट्स को भी पकड़ा और पूछताछ शुरू की। बाहर के दो युवक अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। उनकी तलाश में कई जगह दबिश दी जा रही है। पुलिस अभी प्राथमिकी दर्ज होने का इंतजार कर रही एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया-“हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ चल रही है। पीड़ित छात्र की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के पीछे पैसे निकलवाने का मामला शुरुआती जांच में सामने आया है।”