आठ साल के बच्चे पर भेड़िए का हमला:बहराइच से गंभीर हालत में लखनऊ रेफर, नल पर पानी लेने गया था

बहराइच जिले की महसी तहसील के गंगापुर गांव में मंगलवार शाम एक भेड़िए ने आठ साल के बच्चे पर हमला कर दिया। नल से पानी लेने गए मासूम रोहित वर्मा को भेड़िए ने गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसके बाद उसे लखनऊ रेफर किया गया है। हरदी थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव निवासी सोने लाल वर्मा का आठ वर्षीय बेटा रोहित मंगलवार शाम करीब पांच बजे घर के पीछे लगे नल से पानी लेने गया था। तभी अचानक भेड़िए ने उस पर हमला कर दिया। बच्चे की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े, जिसके बाद भेड़िया उसे छोड़कर खेतों में भाग गया। हमले में रोहित के सिर और हाथ पर गहरे जख्म हुए हैं। परिजन घायल रोहित को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने रोहित की गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया है।