नगर निगम के 100 बकायेदारों को कुर्की वारंट जारी:गृहकर जमा नहीं किया, अवैध कब्जेजदारों को 3 दिन का अल्टीमेटम दिया

आगरा नगर निगम प्रशासन ने बड़े गृहकर बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। गृहकर जमा न करने वाले बड़े बकायेदारों को खिलाफ कुर्की वारंट जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जिन संपत्ति स्वामियों या कारोबारियों ने डिमांड नोटिस मिलने के बावजूद 15 दिन के भीतर भुगतान नहीं किया है। अब उनके खिलाफ वसूली की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। हरिपर्वत जोन में अब तक लगभग सौ बकायेदारों को कुर्की वारंट जारी किए जा चुके हैं। कर अधीक्षक अक्षय कुमार ने बताया कि फिलहाल 50 हजार रुपए से अधिक के बकायेदारों को ही डिमांड नोटिस भेजे जा रहे हैं। नोटिस की अवधि पूरी होने पर कुर्की की कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद छोटे बकायेदारों से भी वसूली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। तीन दिन में जमीन खाली करने का आदेश दिया
नगर निगम प्रशासन द्वारा वार्ड 48 स्थित गिहारा बस्ती सुंदर पाड़ा में सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। लेकिन बस्ती का ही एक व्यक्ति सड़क निर्माण में अड़चन बनकर सामने आ गया है। संजय नाम का यह व्यक्ति खुद को भूमि का पट्टा धारक बताते हुए सड़क निर्माण कार्य रुकवाने की कोशिश कर रहा था। ठेकेदार द्वारा इस मामले की सूचना नगर निगम प्रशासन को दी गई, जिस पर प्रवर्तन प्रभारी कर्नल राहुल गुप्ता टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर व्यक्ति से भूमि से संबंधित पट्टा या किसी भी प्रकार का स्वामित्व दस्तावेज नहीं मिला। इस पर प्रवर्तन टीम ने मौके पर ही उक्त व्यक्ति को तीन दिन के भीतर भूमि खाली करने की अंतिम चेतावनी दी। कार्रवाई में सुस्ती दिखाने वाले पांच एस एफआई से तलब हुआ स्पष्टीकरण
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन अब शहर की सुंदरता को बट्टा लगाने वालों के खिलाफ पूरी सख्ती के मूड में है। सफाई व्यवस्था और प्रवर्तन अभियान को प्रभावी बनाने के लिए निगम प्रशासन ने उन अधिकारियों पर भी नजर टेढ़ी कर दी है जो अब तक कार्रवाई में सुस्ती दिखा रहे थे। यही वजह है कि प्रवर्तन कार्रवाई में लापरवाही बरतने वाले पांच एस.एफ.आई. (सैनिटरी फील्ड इंस्पेक्टर) से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि ऐसे अधिकारी जो दस माह में प्रवर्तन कार्रवाई के नाम पर तीस हजार रुपये से भी कम का जुर्माना वसूल पाए हैं, उनसे जवाब मांगा गया है। यह शहर की स्वच्छता के प्रति गंभीर लापरवाही मानी जा रही है। 13 नवंबर को आयोजित कर रहा है पोस्टर मेकिंग और वेस्ट टू वंडर प्रतियोगिता
बाल दिवस और मिशन शक्ति 5.0 के तहत नगर निगम प्रशासन द्वारा 13 नवंबर को बच्चों के लिए एक विशेष रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। नगर निगम परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में पोस्टर मेकिंग, वेस्ट टू वंडर और महिलाओं का स्वच्छता में योगदान विषय पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। इस दौरान बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। प्रतियोगिता सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी। किसी भी स्कूल के विद्यार्थी निशुल्क पंजीकरण कर इसमें भाग ले सकते हैं।