हरदोई में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत:पिता ने पति पर लगाया दहेज हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

हरदोई के बिलग्राम थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान परसोला निवासी कोमल पत्नी ओमप्रकाश सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि दहेज हत्या बताया है। यह घटना मंगलवार, 11 नवंबर 2025 को सामने आई। मृतका के पिता सरनाम सिंह, जो मल्लावां थाना क्षेत्र के मकलूपुर गांव के निवासी हैं, ने बिलग्राम कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी कोमल की शादी 23 मई 2025 को ओमप्रकाश से हुई थी। शादी में अपनी क्षमतानुसार दहेज देने के बावजूद, ससुराल पक्ष के लोग कोमल को लगातार दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। सरनाम सिंह के अनुसार, पति ओमप्रकाश, ससुर रामनरेश सिंह और परिवार के अन्य सदस्य सोने की चेन और अपाचे मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। यह मांग पूरी न होने पर उन्होंने कोमल के साथ मारपीट की और फिर उसे फांसी पर लटका दिया। पुलिस ने कहा-पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर खुलासा होगा पिता सरनाम सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंचे, तो पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं की और न ही मामला दर्ज किया। उन्होंने अब उच्च अधिकारियों से न्याय और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से पुलिस मामले की जांच कर रही है। बिलग्राम के प्रभारी निरीक्षक हाकिम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद उसी के आधार पर कल प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जाएगी।