कुशीनगर में डेंगू से मासूम की मौत:परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

कुशीनगर में डेंगू के सही इलाज न मिलने के कारण अभिनय शर्मा (10) की मंगलवार शाम मौत हो गई। अभिनय अपनी मां का इकलौता सहारा था। उसके पिता योगेंद्र शर्मा की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। मृतक की मां ने बताया कि वह सिरसिया गांव की निवासी हैं। कुछ दिन पहले अभिनय की तबीयत बिगड़ने पर वे उसे जिला अस्पताल लेकर गईं। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताकर गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के बाद भी जब बच्चे की हालत में सुधार नहीं हुआ, तो मां उसे वापस घर ले आईं। मंगलवार शाम अभिनय की तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई। मामा उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि अभिनय की मौत पहले ही हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चे के मुंह से खून निकल रहा था। जिसके निशान मामा के कपड़ों पर भी दिखे। संयुक्त जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड प्रभारी डॉ. वेद प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि 31 अक्टूबर को हुई ब्लड जांच में अभिनय के प्लेटलेट्स काफी कम पाए गए थे। डॉक्टर के अनुसार यदि बच्चे को समय रहते भर्ती कराया जाता, तो उचित इलाज से उसकी जान बचाई जा सकती थी।