लखनऊ में अरब देश भेजने के नाम पर एक महिला से ठगी हुई। ठाकुरगंज थाने में उन्नाव की रहने वाली एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके तीन कस्टमरों को अरब देश भेजने का झांसा देकर फर्जी वीजा, पासपोर्ट और टिकट दिए। जो जांच में फर्जी पाए गए। रुपए मांगने पर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए छेड़छाड़ की गई। उन्नाव निवासी महिला रियल एस्टेट कंपनी में काम करती है। उसका कहना है कि उसकी मुलाकात ठाकुरगंज के बालागंज स्थित जम-जम ट्रैवल्स ऑफिस में अफरोज पुत्र सिराजुद्दीन निवासी ग्राम सरैय्या भिमले, बैसपुर, आजमगढ़ से हुई थी। बातचीत के दौरान अफरोज ने बताया कि वह लोगों को अरब देशों में नौकरी के लिए वीजा दिलवाने का काम करता है। उसने महिला को कस्टमर लाने पर कमीशन देने का लालच दिया। ऑफिस पहुंचने पर की छेड़छाड़ अफरोज ने अपने साथी अबु साद निवासी मुबारकपुर से फोन पर बात भी कराई। दोनों के कहने पर पीड़िता ने अपने तीन कस्टमर सर्वेश कुमार, रविकांत और राज नारायण को अरब देश भेजने के लिए करीब 2.55 लाख रुपए दिए। पैसे लेने के बाद आरोपी वीजा देने में टालमटोल करने लगे। दबाव डालने पर उन्होंने वीजा, पासपोर्ट और टिकट भेजे जो जांच में फर्जी निकले। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की पीड़िता ने जब रकम वापस मांगने के लिए उनके ऑफिस पहुंची तो अफरोज, अबु साद और हाफिज ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक गालियां दीं और उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की। जिसके बाद आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया महिला का आरोप है कि पुलिस शिकायत वापस लेने का दबाव बना रही है। पुलिस का कहना है कि लिखकर दो कि जनसुनवाई पोर्टल पर दिए गए प्रार्थना पत्र पर आगे कार्रवाई नहीं करना चाहती है। ऐसा न करने पर पुलिस मोबाइल पर धमकी दे रही है। जिसकी कॉल रिकार्डिंग महिला के पास मौजूद है। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ने बताया कि डीसीपी के आदेश पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।