सहारनपुर के जाटव नगर में बुधवार को चाकूबाजी की घटना हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के दो घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सीओ प्रथम मुनीश चंद्र ने घटना की जानकारी दी। बुधवार को जाटव नगर निवासी अजय पुत्र रूपचंद ने थाना कुतुबशेर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, धर्मवीर नामक युवक ने उनके परिजनों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें उनके परिवार की एक महिला गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे पी.जी.आई. पिलखनी रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। सीओ प्रथम मुनीश चंद्र के निर्देश पर थाना प्रभारी कुतुबशेर की टीम ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर छानबीन शुरू की। दो घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी धर्मवीर को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में हमले का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि पुलिस गंभीर अपराधों के मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपना रही है। उन्होंने पुष्टि की कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जनता से किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।