दिल्ली में हुए हालिया ब्लास्ट के बाद बलरामपुर जिले में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। संभावित आतंकी गतिविधियों के मद्देनजर जिले में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। इसी क्रम में बलरामपुर पुलिस ने नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। बुधवार को पुलिस टीम ने नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर वाहनों की तलाशी ली। भगवतीगंज चौराहे पर विशेष रूप से चारपहिया और दुपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान वाहन चालकों के कागजात, संदिग्ध वस्तुओं और यात्रियों की पहचान की बारीकी से पड़ताल की गई। यातायात प्रभारी उमेश सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में दर्जनों वाहनों का चालान किया गया। कई वाहन चालकों को आवश्यक दस्तावेज न होने पर चेतावनी भी दी गई। यातायात प्रभारी ने बताया कि यह अभियान जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। जिले के सभी थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, भीड़भाड़ वाले इलाकों, बस अड्डों और बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा जांच में सहयोग करने का आग्रह किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली ब्लास्ट के बाद सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जिले में अगले कुछ दिनों तक यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।