दिल्ली में हुए धमाके के बाद अंबेडकरनगर पुलिस हाई अलर्ट पर है। आधी रात को पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर सड़क पर उतरे। उनके साथ सीओ सिटी नितीश तिवारी भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के पटेल नगर तिराहे पर सघन चेकिंग अभियान का निरीक्षण किया। एसपी के निर्देश पर पटेल नगर तिराहे पर बैरियर लगाकर सभी वाहनों की गहन तलाशी ली गई। इसमें चार पहिया वाहनों के साथ-साथ दोपहिया वाहनों की भी बारीकी से जांच की गई। पुलिस की विशेष नजर किसी भी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति पर थी। इस अचानक चलाए गए अभियान से राहगीरों में हलचल दिखी, लेकिन उन्होंने पुलिस की इस तत्परता की सराहना भी की। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सभी प्रमुख स्थानों, बाजारों और बस स्टैंडों पर लगातार निगरानी रखने को कहा। एसपी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अभियान के दौरान अकबरपुर कोतवाल श्रीनिवास पांडेय सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस कर्मियों ने लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।