मैक्स हॉस्पिटल ने बरेली में रेडिएशन ऑन्कोलॉजी ओपीडी शुरू की:कैंसर मरीजों को हर महीने दूसरे बुधवार को वेदांता हॉस्पिटल में मिलेगा परामर्श

मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, वैशाली ने बरेली में अपनी विशेष रेडिएशन ऑन्कोलॉजी ओपीडी का शुभारंभ किया है। श्री वेदांता हॉस्पिटल में शुरू की गई यह ओपीडी बरेली और आसपास के जिलों के कैंसर मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही अत्याधुनिक उपचार तक पहुंच प्रदान करेगी, जिससे उन्हें बड़े शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। इस नई ओपीडी का उद्घाटन मैक्स हॉस्पिटल के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के सीनियर डायरेक्टर डॉ. मनीष भूषण पांडे की उपस्थिति में हुआ। डॉ. पांडे अब हर महीने के दूसरे बुधवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक श्री वेदांता हॉस्पिटल में मरीजों को प्रारंभिक परामर्श और फॉलो-अप सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। डॉ. मनीष भूषण पांडे ने इस पहल को बरेली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, “अस्वास्थ्यकर जीवनशैली के कारण कैंसर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हालांकि, नवीनतम शोध और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों ने कैंसर की रोकथाम, निदान और उपचार को अधिक प्रभावी बना दिया है।” डॉ. पांडे ने आगे कहा, “इस ओपीडी का उद्देश्य मरीजों को समय पर जांच, सटीक उपचार योजना और सही परामर्श प्रदान करना है, ताकि उन्हें लंबी दूरी की यात्रा न करनी पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण देखभाल मिल सके।” रेडिएशन थेरेपी कैंसर उपचार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो ट्यूमर को नियंत्रित करने के साथ-साथ मरीज के जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार करती है। डॉ. पांडे के अनुसार, मैक्स हॉस्पिटल का लक्ष्य इस ओपीडी के माध्यम से मरीजों को सुविधाजनक, व्यक्तिगत और बेहतर परिणाम देने वाला उपचार उपलब्ध कराना है। इस ओपीडी से बरेली, पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर और आसपास के जिलों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उन्नत कैंसर उपचार का लाभ मिलेगा। इससे मरीजों को आर्थिक और मानसिक राहत मिलेगी, साथ ही प्रारंभिक अवस्था में इलाज शुरू होने से रिकवरी दर में भी सुधार की संभावना बढ़ेगी।