हापुड़ में बुधवार शाम एक व्यक्ति की अचानक गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान वाहिद के रूप में हुई है। सीसीटीवी फुटेज में वह सड़क किनारे खड़े थे और महज 5 सेकेंड में लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। यह पूरी घटना CCTV में कैद हो गई। जिसका वीडियो सामने आया है। सड़क किनारे खड़े-खड़े थम गई सांस जानकारी के अनुसार, डॉ. वाहिद के भाई यूसुफ का मेडिकल स्टोर उनके क्लिनिक के पास ही है। सोमवार शाम डॉ. वाहिद मेडिकल स्टोर के बाहर खड़े थे, तभी अचानक वह गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि डॉ. वाहिद पूरी तरह स्वस्थ थे और उन्हें किसी भी प्रकार की बीमारी की शिकायत नहीं थी। प्रारंभिक जांच में चिकित्सकों ने हार्ट अटैक को मौत का संभावित कारण बताया है। हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। वाहिद पिछले 25 वर्षों से उनका क्लिनिक इसी इलाके में संचालित कर रहे थे। परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। उनके दो बेटे डॉ. आसिफ और डॉ. आमिर भी BUMS डॉक्टर हैं। पिता के साथ क्लिनिक पर मरीजों को देखते हैं। वाहिद के भाई यूसुफ ने बताया कि उन्हें पहले से कोई बीमारी नहीं थी। अचानक सीने में दर्द उठा और वह जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत देवनंदिनी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।