मां ने 10 महीने के बेटे को चूल्हे में डाला:सोनभद्र में जिंदा जला मासूम, खुद भी फंदे से लटकी, पति से फोन पर झगड़ा हुआ था

सोनभद्र में एक मां ने अपने 10 महीने के बेटे को जलते चूल्हे में झोंक दिया। चूल्हे की आग में मासूम तड़प-तड़पकर जिंदा जल गया। बच्चे को मारने के बाद महिला ने खुद फंदे से लटकर अपनी जान दे दी। सुबह परिजन उठे तो देखा कि घर के बरामदे में रखे चूल्हे में मासूम का अधजला शव पड़ा था। घबराए परिजन कमरे में गए, देखा महिला फंदे से लटक रही थी। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। पड़ोसी चीख-पुकार सुनकर दौड़े पहुंचे। किसी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। परिजन के अनुसार, बुधवार को ही महिला अपने ससुराल से मायके आई थी। रात में फोन पर उसका अपने पति से झगड़ा हुआ था। घटना बभनी थानाक्षेत्र के जोबेदह आसनडीह गांव की बुधवार रात की है। एक दिन पहले मायके आई थी दरअसल, मृतका राजपति का सोनभद्र के जोबेदह गांव में मायका है। बुधवार को वह अपने ससुराल से यहां आई थी। राजपति की शादी छत्तीसगढ़ के ढेंगरपानी के रहने वाले पतिराज से हुई थी। मायके वालों के अनुसार, बुधवार रात में सभी ने एक साथ खाना खाया। इसके बाद वह अपने 10 महीने के छोटे बेटे के साथ कमरे में सोने चली गई। जबकि उसका बड़ा बेटा अपने मामा के साथ दूसरे कमरे में सो रहा था। देर रात तक वह अपने पति से फोन पर बात करती रही। किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ था। परिजन ने कहा- गुस्से में उसने अपने 10 महीने के मासूम को चूल्हे में झोंक दिया। फिर कमरे में साड़ी को फंदा बनाकर झूल गई। सुबह जब हम सब जागे तो देखा कि बरामदे में बने चूल्हे में बच्चे का अधजला शव पड़ा है। अंदर कमरे में देखा कि उसकी मां फंदे से लटक रही है। देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़े पहुंचे। किसी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष कमलेश पाल ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि महिला ने वारदात से पहले अपने पति से फोन पर बात की थी। इसके बाद ही उसने वारदात को अंजाम दिया। पति मुंबई के कुर्ला में काम करता है। बताया जा रहा है कि बुधवार रात दोनों के बीच फोन पर किसी बात को लेकर बहस हुई थी, जिसके बाद यह घटना हो गई। उसका बड़ा बेटा दूसरे कमरे में अपने मामा के साथ सोया था। महिला के ससुर राजकुमार ने बताया कि उसका भाई दशरथ बहू को ससुराल लाने गया था, लेकिन वह बुधवार दोपहर ही अपने मायके चली गई थी। यह हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी उन्हें सुबह मिली। उन्होंने बताया कि परिवार के सभी सदस्य अलग-अलग रहते हैं। मृतका का पति मुंबई में काम करता है और पति-पत्नी के बीच कुछ समय से अनबन चल रही थी। बड़ा बेटा दूसरे कमरे में अपने मामा के साथ सोया था महिला के पिता रामसुंदर ने बताया कि वह बुधवार दोपहर ही अपने ससुराल से मायके आई थी। रात में खाना खाने के बाद सभी लोग दूसरे कमरे में सोने चले गए। यह सब कैसे और कब हो गया, किसी को पता नहीं चला। सुबह जब परिजन उठे और कमरे में गए तो मां-बेटे के शव देखकर सभी के होश उड़ गए। एडिशनल एसपी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि रामसुंदर की बेटी, जिसे वह बुधवार को ससुराल से अपने घर लाया था, रात में खाना बनाने के बाद अपने नौ माह के बेटे के साथ चूल्हे के पास ही सो गई। इसी दौरान चूल्हे की आग से उसका बेटा झुलस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत के सदमे में महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। ——————————————————– ये खबर भी पढ़ेंः- 3 साल की मासूम को उठा ले गया भेड़िया:बहराइच में घर के बाहर खेल रही थी, वन विभाग की टीम ड्रोन से कर रही तलाश बहराइच में घर के बाहर खेल रही 3 साल की मासूम को भेड़िया उठा ले गया। काफी देर तक बच्ची नहीं दिखी, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। शोर सुनकर गांव वाले इकट्ठा हुए। पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्ची की तलाश शुरू की। ड्रोन के जरिए पूरे इलाके के चप्पे-चप्पे को खंगाला जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर…