गोंडा पुलिस लाइन में 4 राजकीय आवासों का निर्माण शुरू:एसपी ने किया भूमि पूजन, 2.59 करोड़ रुपए होंगे खर्च, ASP-CO के लिए बन रहे घर

गोंडा जिले के रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारीगण के लिए चार राजकीय आवासों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। गोंडा के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत ने देर शाम पुलिस लाइन परिसर में भूमि पूजन कर इस परियोजना का शुभारंभ किया है। इस परियोजना के तहत शासन ने 2 करोड़ 59 लाख 46 हजार रुपए की लागत से इन चार आवासों के निर्माण को स्वीकृति दी है। वर्तमान में, राजकीय आवासों की कमी के कारण कई अधिकारियों को जिला प्रशासन की अनुमति से या निजी स्थानों पर रहना पड़ता है। इन नए आवासों के बनने से उन्हें काफी सुविधा मिलेगी और अलग रहने की आवश्यकता नहीं होगी। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने से अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारीगण को पुलिस लाइन के निकट उच्च गुणवत्ता वाली आवासीय सुविधाएं मिलेंगी। इससे अधिकारियों को अपने दैनिक कार्यों, आकस्मिक घटनाओं और आपात स्थितियों में पुलिस लाइन, कार्यालय और क्षेत्र में त्वरित पहुँचने में आसानी होगी। उन्होंने आगे कहा कि इससे पुलिस कार्य व्यवस्था, निर्णय-प्रक्रिया और समन्वय में उल्लेखनीय सुधार होगा। एसपी ने जोर दिया कि आवासीय सुविधा का सीधा संबंध कार्य दक्षता, मनोबल और जनसेवा की गुणवत्ता से है। अधिकारियों के पुलिस लाइन के समीप रहने से संचालन, पर्यवेक्षण और नियंत्रण में सहजता आएगी, जिससे जनसुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। पुलिस अधीक्षक ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर टावरों की रूपरेखा, डिजाइन और आवासीय प्रावधानों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को कार्य प्रगति की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए है।