बिहार चुनाव में एनडीए गठबंधन प्रचंड जीत की ओर बढ़ रहा है। चुनावी नतीजे अब साफ होने लगे हैं। 243 सीटों के रुझान में NDA क्लीन स्वीप करती दिख रही है। इस बीच यूपी में भाजपा और उसके सहयोगी दल फूले नहीं समा रहे। एनडीए गठबंधन इस विजय को विकास की जीत बता रहा है। वहीं, अखिलेश ने विपक्ष की हार के लिए SIR को जिम्मेदार ठहराया। सपा मुखिया ने कहा कि बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण के नाम पर खेल किया गया है। यूपी में हम ऐसा नहीं होने देंगे। इधर, काशी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न भी शुरू कर दिया है। पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता ‘बिहार में बहार…’ वाले पोस्टर के साथ जुलूस निकाला। इस दौरान जमकर आतिशबाजी की गई। ढोल-नगाड़ों पर कार्यकर्ता नाचते-झूमते दिखाई दिए। सीएम योगी ने कहा कि बिहार में भाजपा-एनडीए गठबंधन की जीत डबल इंजन सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों पर जनता के अटूट विश्वास की मुहर है। यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- बिहार वाली पिक्चर यूपी में भी दिखेगी। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बिहार के नतीजों को सुशासन की जीत बताया। उन्होंने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा- हमने पहले ही कहा था कि बिहार की जनता ने मोदी जी की गरीब कल्याण योजनाओं पर और नीतीश जी के सुशासन पर मुहर लगाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा- सबसे बड़ी बात यह है कि बिहार की माताओं, बहनों और बेटियों ने जाति-धर्म से ऊपर उठ कर एनडीए के प्रत्याशियों को वोट दिया है। नीतीश जी के नेतृत्व में भाजपा गठबंधन ने कानून-व्यवस्था और सुशासन पर आज भी बिहार के लोगों को विश्वास है। जंगलराज को बिहार के लोग वापस नहीं लाना चाहते हैं। नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा के हर राज्य के लोग चुनावी राज्य में जाते हैं। पहले कुछ तस्वीरें देख लीजिए… बिहार के चुनावी नतीजों पर रिएक्शन के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…