लखनऊ के अंश कैंसर वैक्सीन के ट्रायल में शामिल होंगे:रूस से आया जवाब, बेटे की जान बचाने के लिए पिता ने की थी अपील

लखनऊ में कैंसर पीड़ित 21 साल के अंश श्रीवास्तव की जान बचाने के लिए पिता मनु श्रीवास्तव की अपील पर रूस सरकार की तरफ से जवाब आया है। मनु श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री सहित रूस के उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि उनके पुत्र को रूस में विकसित हो रहे कैंसर वैक्सीन के ट्रायल में शामिल किया जाए, जिससे उसके जीवन को बचाया जा सके। 2 साल से कैंसर से जूझ रहा अंश अंश श्रीवास्तव पिछले दो वर्षों से कैंसर से जूझ रहे हैं और उनकी हालत लगातार गंभीर होती जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार अब इलाज के रूप में ट्रायल वैक्सीन ही उनके जीवन की अंतिम उम्मीद हो सकती है। इस अपील के जवाब में रूस सरकार की तरफ से 27 अक्टूबर, 2025 को आधिकारिक पत्र प्राप्त हुआ है। पत्र में बताया गया है कि मनु श्रीवास्तव की अपील को विधिक प्रक्रिया के तहत विचार के बाद रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय को भेजा गया था। पत्र चीफ कंसलटेंट ओकुलकोवा वी.एल.ने जारी किया है। परिवार में जगी नई उम्‍मीद मनु श्रीवास्तव ने रूस सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही उनके पुत्र अंश के इलाज के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी। यह जवाब उनके परिवार के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया है।