हाथरस में बदमाशों ने एक सराफ की दुकान को निशाना बनाया। जलेसर रोड स्थित दुकान से करीब 80 ग्राम सोना, आठ किलोग्राम चांदी और डेढ़ लाख रुपए नकद चोरी हो गए। चोरों ने दुकान का शटर काटकर वारदात को अंजाम दिया। करीब 20 लाख की चोरी का अनुमान है। यह दुकान कोतवाली सदर इलाके की तबेला गली निवासी पवन वर्मा की है। दुकान जलेसर रोड पर गांव तिपरस के पास है। दुकान में रखी तिजोरी में यह कीमती सामान और नकदी मौजूद थी। बदमाशों ने पहले दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। इसके बाद उन्होंने दुकान का शटर काट दिया और अंदर घुस गए। तिजोरी के साथ-साथ चोर सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। बदमाशों ने इस वारदात को गुरुवार की रात को अंजाम दिया। शुक्रवार को जब पवन वर्मा अपनी दुकान पर पहुंचे, तो शटर कटा हुआ और तिजोरी गायब देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलने पर कोतवाली हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।