संभल में कोर्ट के आदेश पर डकैती का केस दर्ज:पीड़ित पर ही पुलिस ने दर्ज किया था मुकदमा, एक आरोपी को पकड़ा था

संभल के अजीजपुर गांव में 20 दिन पहले हुई लूट की घटना के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सात लोगों के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई पीड़ित द्वारा पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न करने और उलटा मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाने के बाद हुई है। उक्त पूरा मामला संभल जनपद की तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र के अजीजपुर गांव का है। गांव निवासी थान सिंह यादव ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि 24 अक्टूबर की रात लगभग नौ बजे वह गांव में रामलीला देखने गए थे। इसी दौरान उनके भाई गोपीराम ने उन्हें सूचना दी कि गांव के कुछ लोग उनके घर में घुसकर लूटपाट कर रहे हैं। थान सिंह ने अपने भाई के साथ मिलकर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने फायरिंग भी की। एक आरोपी ने थान सिंह के बेटे अवधेश पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। थान सिंह ने सचिन नामक एक युवक को पकड़कर 112 पुलिस के हवाले कर दिया था। थान सिंह का आरोप है कि जब वे थाने गए तो उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई, बल्कि उलटा उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने न्याय के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। थाना पुलिस ने अब कोर्ट के आदेश पर गांव के ही राम रईस कल्यान, राम प्रकाश पुत्र महेश, सचिन पुत्र मुकेश, बृजेश पुत्र चंद्रपाल, मुकेश व राजेश पुत्र रमेश और सोनू पुत्र उदल निवासी अजीजपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। क्राइम इंस्पेक्टर बलराम सिंह ने बताया कि यह रिपोर्ट बंस की धारा 310(2) के तहत दर्ज की गई है।