शादी में सबकी नजर दूल्हा और दुल्हन पर होती है। मंडप में बैठे दोनों चेहरों को सिर्फ सुंदर नहीं, खास भी दिखना होता है। पुराने जमाने में उनकी खूबसूरती का राज होता था घर की रसोई। हल्दी, बेसन, चंदन, गुलाब और दादी के नुस्खे। इनकी जगह ले ली है हाइलाइटर, टोनर और स्किन प्रेप किट्स ने। फर्क बस इतना है कि पहले निखार परंपरा से आता था, अब प्रोफेशनल टच से। इंस्टा पर दिखने वाली शादी में कैमरे का हर ऐंगल मायने रखता है। हर फोटो, हर रील एक याद बन सकती है- बस लुक क्लासी होना चाहिए। ‘बैंड, बाजा, बजट’ के चौथे एपिसोड में बात इसी नई खूबसूरती की- जहां मेकअप सिर्फ चेहरा नहीं, आत्मविश्वास निखारता है। हम बताएंगे कैसे स्किन और मौसम के हिसाब से सही प्रोडक्ट चुनें। आउटफिट के साथ मेकअप का परफेक्ट मैच बनाएं बजट में। मोनिका आगरा की रहने वाली हैं। वो मुस्कुराते हुए कहती हैं, “एक दिन पहले ही देवेंद्र से मेरी शादी हुई है। घरवालों ने हमारी अरेंज मैरिज करवाई लेकिन हल्दी, मेहंदी, संगीत और शादी तक हर फंक्शन दोनों ने मिलकर ऐसे किए जैसे लव मैरिज हो।” देवेन्द्र बताते हैं, “आजकल दिखावा बहुत बढ़ गया है। इस चक्कर में पैसे भी बर्बाद होते हैं। हमने हर फंक्शन सिंपल लेकिन यूनीक रखा।” मोनिका कहती हैं, “शादी के दिन मैंने लाल रंग का जोड़ा पहना। मेकअप लाइट रखा, क्योंकि नेचुरल लुक अब ट्रेंड में है और बजट में भी। मैंने महंगे ब्यूटीशियन की जगह लोकल मेकअप आर्टिस्ट से बात की। मेकअप किट भी अपनी खरीदी, इससे खर्च आधा रह गया। इस वजह से हमारी शादी खूबसूरती, सादगी और समझदारी का परफेक्ट कॉम्बिनेशन बन गई।” एक्सपर्ट्स से समझिए मेकअप-आउटफिट की बारीकियां आलिया-कटरीना जैसे लुक की डिमांड सही नहीं लखनऊ की मेकअप आर्टिस्ट आंचल भाटिया करीब 8 साल से इस फील्ड में हैं। वे कहती हैं कि शादी में अलग-अलग फंक्शन के हिसाब से मेकअप किया जाता है। मेंहदी-संगीत में नेचुरल और शादी में हैवी मेकअप लुक चलता है, लेकिन हैवी मेकअप अब कम पसंद किया जा रहा है। इन दिनों न्यूड मेकअप काफी चलन में है। सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम ने भी लोगों को प्रभावित किया है। हमारे पास आलिया और कैटरीना जैसा मेकअप करने की डिमांड आती है। दुल्हन ‘रील रेडी’ लुक चाहती हैं। अब मेकअप सिर्फ कैमरे पर ही नहीं बल्कि हर एंगल में परफेक्ट होना चाहिए। हमारे पास ऐसी भी दुल्हनें आती हैं जो इंस्टाग्राम की फोटो दिखाकर कहती हैं, मुझे इस तरह तैयार होना है। वे ये नहीं समझतीं कि मेकअप का हर स्टाइल सभी पर सूट करे, ये जरूरी नहीं है। सोशल मीडिया पर हम जो पिक्चर्स देखते हैं, उनमें बहुत सी एडिटेड होती हैं या फिर उनमें फिल्टर का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में मेरी सलाह रहती है कि फेस और स्किन के हिसाब से मेकअप चुनें। बेहतर मेकअप के लिए स्किन टोन और आउटफिट कॉम्बिनेशन जरूरी मेकअप आर्टिस्ट नेहा कहती हैं, अच्छे मेकअप की शुरुआत आउटफिट चुनने से होती है। आउटफिट का कलर स्किन टोन पर सूट करना चाहिए। एक ही आउटफिट किसी पर बेहद खूबसूरत लग सकता है और किसी पर भद्दा। वेडिंग ड्रेस स्किन टोन पर सूट करे, इस हिसाब से चुननी चाहिए। स्किन टोन से सूटेबल कलर का आउटफिट चुनने से आधा काम हो जाता है। अब आउटफिट और स्किन टोन के हिसाब से मेकअप स्टाइल चुन लीजिए। हर स्किन टोन की अपनी खूबसूरती होती है, बस उसके साथ सही शेड चुना जाना चाहिए। इसे ऐसे समझिए कि अगर लहंगा डार्क है, जैसे मरून या रस्ट रेड तो वार्म टोन मेकअप बेहतर रहेगा। कई बार लोग स्किन टोन से हिसाब से मेकअप नहीं चुनते। इस वजह से मेकअप बहुत केकी लगता है। इसके अलावा फाउंडेशन और लिप कलर भी बेहद अहम है। मेकअप आर्टिस्ट तान्या मिश्रा बताती हैं, आजकल मेकअप ट्रायल भी चल रहा है। इसकी खास जरूरत होती लेकिन सेंसिटिव स्किन वालों को ट्रायल जरूर लेना चाहिए। शादी से कम से कम 10-15 दिन पहले ऐसा करना चाहिए, ताकि एलर्जी या रिएक्शन हो तो वो समय रहते ठीक हो सके। मेकअप पर होने वाले खर्चे के बारे में तान्या कहती हैं कि मेकअप का खर्च आपके बजट पर निर्भर करता है। टियर 2 और टियर 3 यानी आगरा, बरेली, सीतापुर जैसे शहरों में कम से कम पांच हजार रुपए का खर्च आता ही है। ये 20 हजार और इससे ऊपर भी जा सकता है। एचडी या एयरब्रश मेकअप के रेट और भी हाई होते हैं। मौसम और स्किन के हिसाब से चुनें मेकअप गोरखपुर की मेकअप आर्टिस्ट रागिनी श्रीवास्तव अलग-अलग मेकअप के बारे में बताती हैं कि ‘मिनिमल बेस+हाइलाइटेड चीकबोन्स’ मेकअप का क्रेज बढ़ा है। एचडी और एयरब्रश मेकअप भी चलन में हैं। एचडी मेकअप में फाउंडेशन, ब्रश या ब्लेंडर से लगाया जाता है। ऐसा इसलिए किया जाता है ताकि स्किन का टेक्स्चर नेचुरल लगे। वहीं, एयरब्रश में मशीन से मेकअप स्प्रे किया जाता है, जो मैट और लॉन्ग लास्टिंग फिनिश देता है। अगर दुल्हन को मेकअप थोड़े लंबे समय तक रखना है तो एयरब्रश बेहतर है। एचडी मेकअप 8 से 10 घंटे तक अच्छा दिखता है। वहीं, एयरब्रश मेकअप 24 घंटे तक बिल्कुल वही लुक देता है। हालांकि, सर्दियों के सीजन में एचडी मेकअप ज्यादा नेचुरल और खूबसूरत दिखता है। रागिनी कहती हैं कि शादी गर्मी के मौसम में है तो मैट प्राइमर और फिक्सिंग स्प्रे का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। ऐसा करने से पसीने के साथ मेकअप नहीं निकलता है। स्किन के हिसाब से ही मेकअप प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने चाहिए। ठंड के मौसम में मेकअप को लेकर इतनी परेशानी नहीं होती है। मेकअप से पहले हाइड्रेटिंग क्रीम का बेस लगाना भी बहुत जरूरी होता है। लोकल डिजाइन और हैंडलूम फैब्रिक का बढ़ा क्रेज फैशन डिजाइनर सोनल बताती हैं कि यंग जेनरेशन में लाइट कलर का ट्रेंड है। पीच, पिंक, बेज जैसे लाइट कलर्स के ड्रेस शादियों में खूब चल रहे हैं। बॉलीवुड की शादियों को ही देखिए, अनुष्का शर्मा से लेकर आलिया भट्ट तक ने लाइट कलर को चुना। इसके अलावा लोकल डिजाइन और हैंडलूम फैब्रिक ज्यादा पसंद किया जा रहा है। इसकी कई वजह हैं, जैसे- यूथ लोकल इकोनॉमी को सपोर्ट करना चाहता है और ये ट्रेडिशनल देसी लुक भी देते हैं। अब लोकल दर्जी और बुटीक भी आउटफिट में मॉडर्न टच के साथ ट्रेंडी लुक दे रहे हैं। सबसे जरूरी बात है कि ये फैब्रिक आरामदायक और इको फ्रेंडली होने के साथ किफायती भी हैं। अब नेचुरल डाई और ऑर्गेनिक फैब्रिक की डिमांड भी बढ़ रही है। लहंगे पर हैवी एम्ब्रॉयडरी वर्क तो ज्वेलरी हल्की रखें खूबसूरत और क्लासी लुक के लिए आउटफिट से सूटेबल ज्वेलरी बेहद जरूरी है। इस बारे में सोनल कहती हैं कि ब्राइडल ज्वेलरी में अक्सर गोल्ड शामिल होता है, लेकिन आजकल सिंपल-शोअर ज्वेलरी ट्रेंड में है। ये बजट फ्रेंडली शादी को सपोर्ट भी करती है। गोल्ड के बजाय पर्ल, कुंदन सेट का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। लहंगे के कलर ग्रीन, मिक्स्ड पेस्टल, ब्राइट रेड है तो मोती, कुंदन या जैम स्टोन्स की मैचिंग ज्वैलरी बेहतर रहती है। लहंगे पर हैवी एम्ब्रॉयडरी वर्क है तो ज्वेलरी को हल्का रखना ही अच्छा होता है। ऐसा करने से दुल्हन का लुक ओवरलोड नहीं लगेगा। वहीं बालों को ऊपर बांधना या बनाना अच्छा रहता है। इससे ईयरिंग्स ठीक से दिखेंगे। शादी कर रहा हर जोड़ा चाहता है कि उनकी जिंदगी के बेहद खास पर कैमरे में ऐसे कैद हों कि सालों बाद भी उन्हें देखकर मुस्कान आ जाए। कल हम बताएंगे कैसे कम खर्च में भी शानदार फोटो-वीडियोग्राफी हो सकती है। **** कॉपी एडिट- कृष्ण गोपाल ग्राफिक्स- सौरभ कुमार
—————————
ये खबर भी पढ़िए… बैंड, बाजा, बजट-1; UP में स्मार्ट वेडिंग प्लानिंग के टिप्स एंड ट्रिक्स:₹5 लाख के बजट में खाना, वेन्यू, मेकअप सब अरेंज होगा; 4-पिलर बजट प्लान से बचेगा पैसा अब यूपी में एक नया ट्रेंड तेजी से उभर रहा है ‘स्मार्ट वेडिंग’। दैनिक भास्कर ऐप लाया है कि नई सीरीज ‘बैंड, बाजा, बजट’। 5 एपिसोड की इस सीरीज में आप जानेंगे बजटिंग, डेकोरेशन, फूड, फोटोग्राफी, शॉपिंग से लेकर डिजिटल इन्विटेशन के स्मार्ट तरीके। पूरी स्टोरी पढ़िए…