बुलंदशहर में भीषण हादसा हुआ है। शनिवार देर शाम दिल्ली से शादी में शामिल होने स्याना जा रहे थे। स्टेट हाईवे पर मिनी बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरी बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। रोडवेज का शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद उनके परिजन घायलों को गोद में उठाकर इधर-उधर भागते दिखाई दिए। वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। हादसे में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी खबर पढ़ें सोनभद्र में पहाड़ी में छेद करते समय पत्थर गिरा; 2 मजदूरों की मौत, 16 का पता नहीं सोनभद्र जिले में एक पत्थर खदान में बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी में छेद करते समय ऊपर से एक बड़ा पत्थर नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया। इसमें 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कई मजदूरों के दबने की आशंका है। बताया जाता है कि हादसे के समय 15 से 18 मजदूर काम कर रहे थे। इनमें से कोई बाहर नहीं आया। हादसा ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र की राशपहरी पहाड़ी पर कृष्णा माइनिंग वर्क्स में दोपहर करीब 3 बजे हुआ है। पूरी खबर पढ़ें बहराइच में इंडो नेपाल बॉर्डर से 2 ब्रिटिश नागरिक गिरफ्तार बहराइच में भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और रूपईडीहा पुलिस ने नेपाल के रास्ते भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर रहे 2 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक ब्रिटिश महिला और एक पाकिस्तानी मूल का पुरुष शामिल है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुषमा कार्लिन ओलिविया (61) और हसन अमान सलीम (31) के रूप में हुई है। सुषमा कार्लिन ओलिविया मूल रूप से ओडिशा की निवासी है और उनके पास ब्रिटिश पासपोर्ट तथा ओसीआई कार्ड बरामद हुआ है। उनका पता 25 हीर्चकॉम्ब ड्राइव, ग्लॉस्टर, यूके है। हसन अमान सलीम पाकिस्तानी मूल के हैं और उनका पता 1ए डलमॉर्टन रोड, मैनचेस्टर, यूके है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरी खबर पढ़ें मनोज कुमार सिंह को यूपी स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन का CEO बनाया गया यूपी के रिटायर्ड मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन (योजना आयोग) का सीईओ बनाया गया है। उन्हें यह जिम्मेदारी 3 साल के लिए मिली है। राज्य सरकार ने सितंबर 2022 में स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन का गठन किया था। मनोज कुमार सीएम योगी के करीबी हैं। हालांकि, चर्चा रही है कि डिप्टी सीएम केशव मौर्य और इंडस्ट्री मिनिस्टर नंदगोपाल गुप्ता नंदी के विरोध के चलते केंद्र सरकार ने उन्हें सेवा विस्तार नहीं दिया था। हाल ही में खाद्य एवं प्रसंस्करण नीति में अनियमितताओं के चलते मनोज सिंह से 10 करोड़ की वसूली का नोटिस भी जारी किया गया था। हालांकि, सरकार के दखल के बाद नोटिस वापस ले लिया गया था। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाले इस कमीशन में दोनों डिप्टी सीएम, वित्त मंत्री, कृषि, समाज कल्याण, जलशक्ति, पंचायतीराज, औद्योगिक विकास और नियोजन विभाग के मंत्री आयोग के सदस्य हैं। सूत्रों के मुताबिक, यूपी के पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार का भी सरकार में जल्द समायोजन करेगी। प्रशांत कुमार भी सीएम योगी के भरोसेमंद अधिकारी रहे हैं। आगरा में आतिशबाजी से फोम गोदाम में लगी आग, दमकल की 4 गाड़ियों ने काबू पाया आगरा के मंटोला थाना क्षेत्र के ढोलीखार में शुक्रवार देर रात फोम के गोदाम में आग लग गई। गोदाम में अचानक उठी लपटों से इलाके में हड़कंप मच गया। लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग तेजी से दो मंजिलों तक फैल गई। दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। आग पर काबू पाने में एक घंटे से ज्यादा समय लगा। बताया जा रहा है कि पास से निकल रही बारात में हुई आतिशबाजी से चिंगारी गोदाम में जा गिरी। इससे वहां रखा फोम और अन्य सामान जलने लगा। फिलहाल हालात काबू में हैं। पढ़ें पूरी खबर…. बरेली में मालगाड़ी में आग लगी: प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर खड़ी थी, धुआं उठता देख कर्मचारी दौड़े बरेली जंक्शन पर खड़ी एक मालगाड़ी के आखिरी डिब्बे से अचानक धुएं का गुबार उठने लगा। डिब्बे से धुआं निकलता देख यात्रियों और रेलवे स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी गई। मौके पर पहुंचे रेलवे कर्मचारियों और RPF की टीम ने सबसे पहले जलती हुई बोगी को बाकी ट्रेन से काटकर अलग किया, ताकि आग अन्य डिब्बों तक न फैल सके। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है। घटना शनिवार सुबह प्लेटफॉर्म नंबर पर हुई। पढ़ें पूरी खबर… ट्रायल कोर्ट अपना फैसला हिंदी में लिखें या अंग्रेजी में:हाईकोर्ट का फैसला : दोनों भाषाओं को मिलाकर लिखा गया निर्णय स्वीकार नहीं इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक आदेश में कहा है कि ट्रायल कोर्ट अपने फैसले या तो पूरी तरह हिंदी में लिखें या पूरी तरह अंग्रेजी में। दोनों भाषाओं को मिलाकर लिखा गया निर्णय स्वीकार्य नहीं है। कोर्ट ने आगरा की सत्र न्यायालय के एक फैसले को इसका सर्वोत्तम उदाहरण बताते हुए उसकी कॉपी चीफ जस्टिस और राज्य के न्यायिक अधिकारियों को भेजने का निर्देश दिया। हाईकोर्ट ने पाया कि फैसला 54 पन्नों का था, जिसमें 63 पैराग्राफ अंग्रेजी में व 125 हिंदी में और 11 पैराग्राफ दोनों भाषाओं के मिश्रण थे। इससे साधारण हिंदी भाषी व्यक्ति फैसला समझ नहीं सकता। कोर्ट ने कहा कि निर्णय एक ही भाषा में लिखा जाना चाहिए। हालांकि सुप्रीम कोर्ट/हाईकोर्ट के अंग्रेजी अंश या हिंदी में दर्ज मृत्युकालिक कथन जैसे उद्धरण अपनी मूल भाषा में दिए बगैर जा सकते हैं, बशर्ते उनका अनुवाद भी दिया जाए। पढ़ें पूरी खबर… शराब पार्टी के दौरान युवक ने फायरिंग की: दोस्त से विवाद होने के बाद नशे में की फायरिंग, पुलिस ने दोनों को दबोचा मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवक ने फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों दोस्तों को थाने लेकर आ गई। पुलिस ने वह हथियार बरामद कर लिया है, जिससे फायर किए गए थे। कंकरखेड़ा की न्यू अशोकपुरी में उदयराज व जाफर रहते हैं। बताया जाता है कि बृहस्पतिवार देर रात तक दोनों दोस्तों ने एक साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उदयराज ने पिस्टल निकाली और फायरिंग कर दहशत फैला दी। पढ़ें पूरी खबर…