एटा में ट्रक ने बुलेट सवार दो भाइयों को रौंद दिया। दोनों सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। सिर फट गया। दोनों खून से लथपथ हो गए। आस-पास के लोगों ने देखते ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। दो दिन पहले ही दोनों भाइयों ने बुलेट खरीदी थी। घटना शनिवार शाम जलालपुर गांव के पास हुई। अब पूरा मामला विस्तार से… दो दिन पहले ही खरीदी थी बाइक ढकपुरा गांव के रहने वाले राधेश्याम खेती-किसानी करते हैं। घर में उनकी पत्नी और चार बेटे विनीत (21), सुमित (18) सुरजीत (17) और विजय (14) रहते हैं। सुमित पानीपत में कपड़े की फैक्ट्री में काम करता था। विनीत ट्रैक्टर चलाता था। जबकि सुरजीत और विजय अभी पढ़ाई कर रहे हैं। कुछ दिन पहले ही सुमित पानीपत से आया था। 2 दिन पहले ही उसने बुलेट खरीदी थी। इसी गाड़ी से दोनों भाई धान कुटवाने के लिए जा रहे थे। घर से 9 किमी दूर जलालपुर गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों भाई दूर जा गिरे। सड़क पर गिरते ही दोनों का सिर फट गया। खून से लथपथ दोनों भाई सड़क पर तड़पने लगे मौत हो गई। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। मां बोली-कह गया था जल्दी आ जाऊंगा बेटे का शव घर पहुंचते ही मां का रो-रोकर बुला हाल है। रोते हुए मां बोली- दोनों ने कहा था जल्दी ही घर लौटकर आ जाएंगे। लेकिन उनके मरने की खबर आई। पता होता ये गाड़ी बच्चों के लिए काल बन जाती तो खरीदने ही नहीं देते। बहुत शौक से दोनों ने गाड़ी खरीदी थी। एक दिन पहले ही दोनों भाई इसी गाड़ी से बुआ के घर गए थे। आज वहां से लौटकर आए। फिर धान कुटवाने निकले थे। मुझे पता होता तो घर से बच्चों को जाने ही नहीं देती। पिता राधेश्याम ने बताया- मेरे दोनों बेटे बुलेट से धान कुटवाने जा रहे थे। शाम को घर से निकले बोले थोड़ी देर में आ जाऊंगा। तभी रास्ते में हादसा हो गया। आसपास के लोगों ने घटना के बारे में मुझे जानकारी दी। जब मैं मौके पर पहुंचा तो दोनों बेटों की जान जा चुकी थी। थाना प्रभारी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों सगे भाइयों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजने के साथ ही कैंटर को कब्जे में लिया गया है। …………………… ये खबर भी पढ़ें… यूपी में गुजरात ATS ने आतंकी का घर खंगाला, कलमा लिखा कपड़ा साथ ले गई; कानपुर के डॉक्टर ने शाहीन को 82 कॉल कीं दिल्ली ब्लास्ट के बाद यूपी में ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। शनिवार को गुजरात ATS की टीम लखीमपुर पहुंची। यहां मोहम्मद सहूल उर्फ सुहैल (23) के घर की तलाशी ली। सुहैल को 9 नवंबर को गुजरात एटीएस ने बनासकांठा से गिरफ्तार किया था। पढ़ें पूरी खबर…