संभल में युवक ने पिता की लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उसका घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद युवक ने पिता की 12 बोर की बंदूक से अपनी छाती पर फायर किया। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। अमित को लहूलुहान हालत में पाया। उसे लेकर अस्पताल गए। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला शनिवार रात करीब 8 बजे जुनावई थाना क्षेत्र के मैढ़ोली गांव का है। युवक की पहचान अमित (35 साल) यादव पुत्र जयवीर यादव के रूप में हुई है। वह कस्बा जुनावई में बिल्डिंग मटेरियल का काम करता था। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला युवक शराब पीने का आदी था। घर में इसी बात को लेकर के विवाद होता था। शाम को अमित शराब पीकर घर पहुंचा तो परिवार वालों से फिर विवाद होने लगा। इसी के बाद उसने कमरे में जाकर खुद को गाली मार ली। परिजन अमित को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर ले गए थे। रात लगभग 8:20 बजे अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मृत घोषित करने पर परिवार के लोग शव को बिना पुलिस को सूचना दिए घर ले गए। युवक के आत्महत्या किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची। परिजनों से मामले की जानकारी ली। इंस्पेक्टर मेघपाल सिंह ने बताया- युवक ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर जान दी है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।