कानपुर में शनिवार को जनजाति गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर भाजपा कानपुर उत्तर जिले द्वारा रावतपुर गांव स्थित बिरसा मुंडा छात्रावास में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री व राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने जनजाति गौरव दिवस पर अपने संबोधन में कहा कि बिरसा मुंडा ने न केवल आदिवासी समाज, बल्कि पूरे भारत की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अंग्रेजों ने छलपूर्वक जहर देकर उनकी हत्या की, लेकिन उनका बलिदान आज भी राष्ट्र को प्रेरित करता है। डॉ. शर्मा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजाति गौरव दिवस घोषित कर देश भर में आदिवासी गौरव और इतिहास को सम्मान देने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि देश के सर्वोच्च पद पर आदिवासी समाज से आने वाली द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर भाजपा ने आदिवासी समाज के सम्मान और सशक्तिकरण को नई दिशा दी है। इस अवसर पर डॉ. शर्मा ने छात्रावास में अध्ययनरत नगालैंड, मेघालय, छत्तीसगढ़ और सोनभद्र से आए अनुसूचित जनजाति के प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, पूर्व जिला अध्यक्ष दीपू पांडे, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक राहुल बच्चा सोनकर एवं महापौर प्रमिला पांडे, सुरेश अवस्थी और राम लखन रावत भी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने तीरंदाजी सहित विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आदिवासी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनूप चौधरी एवं पारस मदान ने कार्यक्रम में आए सभी माननीय अतिथियों को बिरसा मुंडा का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन अवधेश सोनकर ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, जितेंद्र विश्वकर्मा, जन्मेजय सिंह, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, शिवांग मिश्रा, सीमा एमबीए, आनंद मिश्रा, ऋचा सक्सेना, विनय सिंह पटेल, श्री कृष्ण दीक्षित, प्रमोद विश्वकर्मा, दीपक शुक्ला और प्रशांत त्रिपाठी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।