कुशीनगर जिले में आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर मतपेटियों की साफ-सफाई और रखरखाव का कार्य शुरू हो गया है। पडरौना नगर की गंडक कॉलोनी स्थित एक गोदाम में शनिवार शाम यह कार्य चल रहा था। कर्मचारियों ने जैसे ही मतपेटियों को बाहर निकालना शुरू किया, उन्हें अचानक दो विशाल अजगर और आधा दर्जन से अधिक विषैले कोबरा सांप दिखाई दिए। इस अप्रत्याशित नजारे को देखकर मौके पर मौजूद मजदूरों और अन्य लोगों में दहशत फैल गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और विशेषज्ञों की सहायता से सभी सांपों को सुरक्षित रूप से पकड़ा। बाद में इन सांपों को जंगल में छोड़ दिया गया। ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक चौंकाने वाली बात सामने आई। नहर किनारे फूस की झोपड़ी में रहने वाले नट समुदाय के लोग, जो गांवों में मांगकर जीवन यापन करते हैं, बिना किसी सुरक्षा उपकरण के और बेहद कम पैसों के लालच में अपनी जान जोखिम में डालकर इन खतरनाक सांपों को पकड़ने में जुट गए। उनकी यह कार्रवाई जानलेवा साबित हो सकती थी। पडरौना वन रेंजर अशोक यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी विषैले जीव को देखने पर अपनी जान जोखिम में डाले बिना तुरंत वन विभाग को सूचित करें।