प्रज्ञा केस में फरार भूपेश और रोहित के घर छापेमारी:डेढ़ माह से हैं फरार, DCP साउथ ने पूछताछ कर हाजिर होने की दी चेतावनी

होटल संचालिका प्रज्ञा त्रिवेदी से मारपीट करने, चेन तोड़ने व रुपए लूटने के मामले में करीब डेढ़ माह से फरार चल रहे अधिवक्ता कर्मचारी नेता भूपेश अवस्थी व उसके अधिवक्ता बेटे रोहित अवस्थी के आज शाम 3 थानों की फोर्स ने छापेमारी की। हालांकि इस दौरान दोनों आरोपी घर पर नहीं मिले। करीब 15 मिनट तक पुलिस ने घर के चप्पे–चप्पे की तलाशी ली, इसके बाद हाजिर होने की हिदायत देकर लौट गई। यह था पूरा मामला… किदवई नगर थाना क्षेत्र के मां सरस्वती अपार्टमेंट फेस-2 साकेत नगर की रहने वाली प्रज्ञा त्रिवेदी ने 31 जनवरी 2011 को अखिलेश दुबे के खिलाफ डकैती, रंगदारी और मारपीट समेत अन्य गंभीर धाराओं में जूही थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप था कि जेल में बंद अखिलेश दुबे गैंग के गुंडों ने होटल चलाने के नाम पर 2 लाख रुपए रंगदारी मांगी थी। विरोध करने पर डकैती डालकर कैश लूट ले गए थे। बेरहमी से मारपीट भी की थी, लेकिन जूही थाने की पुलिस ने महज पांच घंटे के भीतर ही केस में फाइनल रिपोर्ट लगाकर क्लीनचिट देते हुए केस बंद कर दिया था। रोहित की अग्रिम जमानत पर 17 को होनी है सुनवाई कोर्ट के आदेश पर अग्रिम विवेचना के आदेश दिए थे, जिसके बाद प्रज्ञा के बयानों के आधार पर भूपेश अवस्थी व रोहित अवस्थी के नाम मुकदमे में बढ़ाए गए थे, जिसके बाद से दोनों पिता–पुत्र आरोपी फरार चल रहे थे, 11 दिन पहले कोर्ट ने दोनों के खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी किया था। जिस पर रोहित ने कोर्ट में अग्रिम जमानत अर्जी दाखिल की, जिस पर 17 नवंबर को सुनवाई होनी है। 30 मिनट तक पुलिस की चलती रही कार्रवाई वहीं भूपेश अवस्थी ने सरेंडर याचिका दाखिल की थी, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट भी लगाई थी, लेकिन भूपेश अवस्थी ने सरेंडर नही किया। जिसके बाद आज देर शाम डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी के नेतृत्व में किदवई नगर, गोविंद नगर व नौबस्ता थानों की फोर्स ने साकेत नगर स्थित पिता–पुत्र के घर में दबिश दी। करीब 30 मिनट तक पुलिस की कार्रवाई चलती रही। पुलिस ने आरोपियों के परिजनों से पूछताछ की, इसके साथ ही घर की तलाशी ली। इसके बाद पुलिस ने जल्द हाजिर होने की चेतावनी दी।