झांसी से सटे हमीरपुर में बेकाबू ट्रक ने पति के सामने पत्नी और उसके 12 साल के चचेरे देवर को रौंद दिया। दोनों को झांसी के एक निजी हॉस्पीटल में भर्ती करवाया गया। जहां पर इलाज के दौरान रविवार सुबह दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक को मौके से भगाकर ले गया। परिजनों के फोन करने पर पुलिस ने 5 किलोमीटर दूर ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। हादसा हमीरपुर के मुस्करा थाना क्षेत्र के दामूपुर गांव के पास हुआ है। अब पूरा मामला जानिए… खेत से पैदल घर आ रहे थे मृतकों की पहचान रानी (45) पत्नी जयनारायण और उसके चचेरे देवर प्रिंस (12) सीताराम के रूप में हुई है। दोनों हमीरपुर के मुस्करा क्षेत्र के दामूपुर गांव के रहने वाले थे। महिला के पति जयनारायण ने बताया कि शनिवार को मजदूरी पर धान की कटाई करने के लिए खेत पर गए थे। शाम करीब 6:30 बजे पैदल घर आ रहे थे। जयनारायण ने कहा- मेरी पत्नी रानी और चचेरा भाई प्रिंस आगे चल रहे थे, जबकि मैं उनसे करीब 50 मीटर दूर चल रहा था। गांव के पास तेज गति में आ रहे एक ट्रक ने पीछे से दोनों को टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए उनको मुस्करा सीएचसी ले गए, जहां से दोनों रेफर कर दिया गया। इसके बाद दोनों को झांसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया था। पहले छोटे भाई और फिर पत्नी ने दम तोड़ा जयनारायण ने आगे बताया कि इलाज के दौरान रविवार सुबह प्रिंस की मौत हो गई। दो घंटे बाद पत्नी रानी ने भी दम तोड़ दिया। पैसों को लेकर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की समझाइश से मामला शांत हो गया। जयनारायण ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक लेकर मौके से भाग गया था। तब पुलिस को फोन कर दिया। मुस्करा पुलिस ने 5 किलोमीटर दूर ट्रक को पकड़ लिया। हादसे का कारण ड्राइवर के नशे में होने या फिर नींद की झपकी आना हो सकता है। पिता का इकलौता बेटा था परिवार में दो मौतों से घर में मातम छाया है। प्रिंस अपने पिता का इकलौता बेटा था। उससे बड़ी दो बहन 15 साल की काजल और 13 साल की लाली है। प्रिंस 7वीं कक्षा में पढ़ता था। वहीं, रानी के 3 बच्चे हैं। 20 साल का बेटा सुमित, 18 साल की बेटी ज्योति और 14 साल की रिया है। जयनारायण और प्रिंस के पिता सीताराम मजदूरी करते हैं। रानी व प्रिंस की मौत के बाद परिजन सदमे में हैं।