राजनाथ बोले- योगी जैसे CM की कल्पना मुश्किल:लखनऊ में वीरांगना ऊदा पासी की बंदूक लिए प्रतिमा का अनावरण किया

लखनऊ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सीएम योगी की जमकर तारीफ की। कहा- ‘मैं योगी को धन्यवाद देना चाहूंगा कि जो काम बहुत सारे लोग इतने सालों में नहीं कर पाए, वो आप कर रहे हैं। मैं तो कभी कल्पना नहीं कर सकता था कि कोई ऐसा मुख्यमंत्री आएगा, जो समाज के बारे में इतना सोचेगा, योगी जी ने ये कर के दिखाया है। समाज में दबा दिए गए हीरोज को सामने लाना कोई आसान काम नहीं है।’ रविवार को राजनाथ सिंह ने ये बातें लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी के बलिदान दिवस पर कही। उन्होंने सीएम योगी के साथ वृंदावन कॉलोनी के पासी चौराहे पर 12 फीट ऊंची और 6 टन वजनी हाथ में बंदूक लिए प्रतिमा का अनावरण किया। वीरांगना ऊदा देवी पासी ने 1857 के स्वाधीनता संग्राम में लखनऊ के सिंकदर बाग में 36 अंग्रेज सैनिकों को मौत के घाट उतारकर शहीद हुई थी। राजनाथ ने कहा- जब ऊदा देवी शहीद हुईं, तो ब्रिटिश अफसरों ने अपनी हैट उतारकर उन्हें सैल्यूट किया। ये उनकी वीरता का प्रमाण था। पासी समुदाय ने स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभाई। अपना सबकुछ न्यौछावर किया। कार्यक्रम में दोनों डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान समेत कई इतिहासकारों ने भी शिरकत की। देखिए कुछ तस्वीरें… राजनाथ की 2 बड़ी बातें… 1. ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र
राजनाथ सिंह ने कहा- भारत की नारी शक्ति स्वदेश और स्वधर्म की रक्षा के लिए कभी भी पीछे नहीं रही। आज सैनिक स्कूलों के दरवाजे लड़कियों के लिए खुले हैं। भारतीय महिलाएं सियाचिन की ऊंचाइयों से लेकर समंदर की गहराइयों तक देश की सुरक्षा चक्र को मजबूत कर रही हैं। अभी हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान महिला पायलटों और महिला सैनिकों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैं यह कह सकता हूं कि भारत की आन-बान-शान की रक्षा के लिए भारत की हर बेटी ऊदा देवी बन सकती है। 2. महिलाएं बंदूक चला सकती हैं, युद्ध लड़ सकती हैं
राजनाथ ने कहा- ऊदा देवी की कहानी ने आजादी की लड़ाई में महिलाओं की भूमिका को रोशन किया। वे हमें याद दिलाती हैं कि यदि महिलाएं बंदूक का उपयोग कर सकती हैं, युद्ध में लड़ सकती हैं, और ब्रिटिश सैनिकों को मार सकती हैं, तो वे किसी भी मामले में पुरुषों से कम नहीं हैं। उनका बलिदान हमें यह सिखाता है कि सच्चा साहस वही है जो अन्याय, भेदभाव और दासता, तीनों के विरुद्ध डटकर खड़ा हो सके। योगी बोले- हमने 3 नई पीएसी महिला बटालियन का गठन किया
इससे पहले योगी ने कहा- ‘हम सभी शहीद वीरांगना ऊदा देवी की स्मृतियों को नमन करते हैं। भारत की स्वाधीनता को प्राप्त करने के लिए ऐसे वारों का योगदान अविस्मरणीय है। शहीद वीरांगना ऊदा देवी केवल नारियों के लिए ही नहीं, बल्कि हर हिंदुस्तानी के लिए एक प्रेरणा हैं। मैं इस स्मृति के लिए उन्हें नमन करता हूं।’ उन्होंने कहा- वीरांगना ऊदा देवी का बलिदान हमें प्रेरणा देता है कि अन्याय बड़ा हो तो प्रतिरोध उससे भी बड़ा होना चाहिए। महाराजा बिजली पासी किले में आज हमारी सरकार ने लाइट एंड साउंड का कार्यक्रम स्वीकृत कर दिया है। ताकि, इस क्षेत्र के सभी योद्धाओं के इतिहास को वर्तमान पीढ़ी जान सके और उससे प्रेरणा प्राप्त कर सके। योगी ने कहा- हमारी सरकार ने 3 नई पीएसी महिला बटालियन का गठन किया। लखनऊ में हमारी सरकार के द्वारा ‘भारत रत्न’ बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी के स्मारक और सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति के सम्मान, सुरक्षा और उनके स्वावलंबन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यूपी में 21% दलित आबादी में 16% पासी
यूपी में दलित आबादी करीब 21% है। इसमें 16% अकेले पासी समाज हैं। लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या और सुल्तानपुर में इनकी बड़ी आबादी है। पल-पल के अपडेट के लिए लाइव ब्लाग से गुजर जाइए…