यूपी की बड़ी खबरें:मेरठ में मोहसिन के घर पहुंचे अजय राय, बोले- दिल्ली ब्लास्ट में मारे गए लोगों की मदद करेगी कांग्रेस

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रविवार को मेरठ पहुंचे। वह दिल्ली बम ब्लास्ट में मारे गए मोहसिन के परिवार से मिले। अजय राय को देखते ही मोहसिन के पिता फफक कर रो पड़े। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें चारपाई पर अपने बगल में बैठाया। उनके कांधे पर हाथ रखा। फिर खुद अपने गमछे से उनके आंसू पोछे। अजय राय ने कहा- दिल्ली ब्लास्ट बेहद दर्दनाक घटना है। हमारे नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ हैं। हम हरसंभव मदद करेंगे। सरकार को भी इन परिवारों की मदद करना चाहिए। कहा कि सरकार मृतकों के परिवारों को 1 करोड़ रुपए का मुआवजा और सरकारी नौकरी दे। पढ़ें पूरी खबर विधानसभा अध्यक्षों का सम्मेलन 19 से 21 जनवरी को; राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी शामिल हो सकते हैं देशभर के विधानसभा अध्यक्षों और विधान परिषद के सभापतियों का वार्षिक सम्मेलन 19 से 21 जनवरी को विधानसभा में होगा। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी विधानसभा अध्यक्षों और सभापतियों को इसकी सूचना भेज दी है। सम्मेलन को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, सीएम योगी आदित्यनाथ और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना भी संबोधित करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का प्रयास है कि सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू भी शामिल हों। अतिथियों के लिए होटल ताज और होटल सेंट्रम में बुकिंग कराई गई है। महाना की ओर से यूपी विधानसभा में ई विधान, पेपर लेस कार्यवाही, डिजिटल लाइब्रेरी, संग्रहालय सहित अन्य उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। सम्मेलन में विधायिका को मजबूत बनाने पर मंथन किया जाएगा। अतिथियों को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ की ओर से भी रात्रि भोज दिए जाने पर विचार चल रहा है l पति के सामने ट्रक ने पत्नी और भाई को रौंदा, झांसी में इलाज के दौरान दोनों की मौत झांसी से सटे हमीरपुर में बेकाबू ट्रक ने पति के सामने पत्नी और उसके 12 साल के चचेरे देवर को रौंद दिया। दोनों को झांसी के एक निजी हॉस्पीटल में भर्ती करवाया गया। जहां पर इलाज के दौरान रविवार सुबह दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक को मौके से भगाकर ले गया। परिजनों के फोन करने पर पुलिस ने 5 किलोमीटर दूर ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। हादसा हमीरपुर के मुस्करा थाना क्षेत्र के दामूपुर गांव के पास हुआ है। पढ़ें पूरी खबर… ग्रेटर नोएडा में ट्रैक्टर की टक्कर से देवर-भाभी समेत 3 की मौत, 2 बच्चे घायल; शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे ग्रेटर नोएडा में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में देवर-भाभी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना दनकौर-सिकंदराबाद रोड पर रविवार शाम को हुई। ऊंची दनकौर के रहने वाले हीरालाल (25) अपनी भाभी तुलसी (36), भतीजी कुमकुम (12) और भतीजे देवा (10) के साथ एक बाइक पर सवार होकर बुलंदशहर में एक शादी समारोह में जा रहे थे। कनारसी गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। पढ़ें पूरी खबर… 34 PPS अफसरों की जिलों में तैनाती, इनमें 9 महिलाएं भी; देखें पूरी लिस्ट यूपी में 34 नए PPS अफसरों को जिलों में तैनात किया गया है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद इनको पहली बार पोस्टिंग मिली है। अब ये ट्रेनी डीएसपी अपने-अपने जिलों में डीएसपी/सीओ का पद संभालेंगे। सीओ बनाए गए अफसरों में 9 महिला पीपीएस अफसर हैं। यह 2023 का बैच है। मुरादाबाद और मसूरी में ट्रेनिंग के बाद चौकी और थानों में भी इनकी ट्रेनिंग हुई। पढ़ें पूरी खबर पूरी लिस्ट देखिए… वाराणसी में 75 साल के बुजुर्ग का डिजिटल अरेस्ट, DCP बनकर वीडियो कॉल की
वाराणसी के ककरमत्ता निवासी 75 वर्षीय योगेंद्र कुमार श्रीवास्तव को साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट कर लिया। 7 दिन में 9 लाख रुपए हड़प लिए। पीड़ित की तहरीर पर भेलूपुर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुजुर्ग पूरे सप्ताह घर में कैद रहे और किसी से संपर्क नहीं कर सके। योगेंद्र श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि 4 अक्तूबर को एक अनजान नंबर से वीडियो कॉल आई। कॉल करने वाला खुद को डीसीपी आलोक सिंह बताकर धमकाने लगा। वॉट्सऐप पर अरेस्ट ऑर्डर भेजा, जिसमें डीजीपी और हेडक्वार्टर की मुहर लगी थी। ठग ने कहा कि उनके नाम पर रुपए की धोखाधड़ी का केस दर्ज है और गिरफ्तारी किसी भी वक्त हो सकती है। पूरी खबर पढ़िए बुलंदशहर में बस-ट्रैक्टर का भीषण हादसा, 7 लोग घायल: परिजन गोद में उठाकर इलाज के लिए भागे बुलंदशहर में भीषण हादसा हुआ है। शनिवार देर शाम दिल्ली से शादी में शामिल होने स्याना जा रहे थे। स्टेट हाईवे पर मिनी बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। रोडवेज का शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया। परिजन घायलों को गोद में उठाकर इधर-उधर भागते दिखाई दिए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। हादसे में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी खबर पढ़ें बहराइच में इंडो नेपाल बॉर्डर से 2 ब्रिटिश नागरिक गिरफ्तार बहराइच में भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और रूपईडीहा पुलिस ने नेपाल के रास्ते भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर रहे 2 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक ब्रिटिश महिला और एक पाकिस्तानी मूल का पुरुष शामिल है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुषमा कार्लिन ओलिविया (61) और हसन अमान सलीम (31) के रूप में हुई है। सुषमा कार्लिन ओलिविया मूल रूप से ओडिशा की निवासी है और उनके पास ब्रिटिश पासपोर्ट तथा ओसीआई कार्ड बरामद हुआ है। उनका पता 25 हीर्चकॉम्ब ड्राइव, ग्लॉस्टर, यूके है। हसन अमान सलीम पाकिस्तानी मूल के हैं और उनका पता 1ए डलमॉर्टन रोड, मैनचेस्टर, यूके है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरी खबर पढ़ें