रक्षा मंत्री राजनाथ ने लखनऊ में भरा SIR फॉर्म:एसडीएम को सौंपा, 39 लाख वोटर्स पुनरीक्षण प्रक्रिया में शामिल होंगे

लखनऊ में रविवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) फॉर्म भरा। अपने आवास 5-ए कालिदास मार्ग पर SIR फॉर्म भरकर मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया में शामिल हुए। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को पूरी तरह साफ और हर पात्र व्यक्ति का नाम शामिल करने के लिए 28 अक्टूबर से बड़ा अभियान शुरू हुआ है। इससे पहले साल 2003 में ऐसा पुनरीक्षण हुआ था। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम विशाख जी ने बीकेटी, सरोजनीनगर और मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्रों में बूथों का औचक निरीक्षण कर SIR व्यवस्थाओं की समीक्षा की। लखनऊ में 39 लाख वोटर्स की SIR प्रक्रिया होनी है। पुराने लखनऊ में मौलाना से चर्चा पुराने लखनऊ के छोटे इमामबाड़े में उम्मीद पोर्टल वर्कशॉप का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मौके पर ही SIR फॉर्म भरे गए। वर्कशॉप में रजिस्ट्रेशन से लेकर फॉर्म भरने की प्रक्रिया समझाई गई। मौलाना सैफ अब्बास की पहल की प्रतिभागियों ने सराहना की और इसे जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। दूसरी ओर, जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी ने 169 बख्शी का तालाब, 170 सरोजनी नगर और 176 मोहनलालगंज विधानसभा का औचक निरीक्षण कर SIR अभियान की जमीनी हकीकत परखते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बीकेटी विधानसभा में डीएम ने किया निरीक्षण डीएम ने बीकेटी के ग्राम मलेशेमऊ के बूथ संख्या 429, 430, 431 और 432 तथा बाघामऊ गांव के बूथ 426, 427 और 428 का निरीक्षण कर मतदाता संपर्क, गणना प्रपत्र वितरण की स्थिति और मोबाइल ऐप में रिकॉर्डिंग की प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने सरोजनी नगर के सरसावा अर्जुनगंज (बूथ संख्या 517) और मोहनलालगंज के ग्राम मिर्जापुर (बूथ संख्या 2) में भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 4 दिसंबर 2025 से पहले भरना है निरीक्षण के दौरान डीएम ने बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि गणना प्रपत्र 4 दिसंबर 2025 से पहले हर मतदाता से भरवाकर जमा करा लिए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा- SIR अभियान को पूर्ण पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराना प्राथमिकता है। चलेगा जागरूकता अभियान लखनऊ में SIR प्रक्रिया को लेकर प्रशासनिक सक्रियता और जनजागरूकता कार्यक्रमों के चलते अभियान तेज हो चला है। अधिकारी अब फॉर्म की जांच और सत्यापन की कार्रवाई आगे बढ़ाएंगे, जबकि फील्ड टीमों को मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने का लक्ष्य सौंपा गया है।