आगरा में AI फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरफ्तार:इंस्टाग्राम से फेक ID बनाकर भेज रहे थे अश्लील मैसेज, पैसों की डिमांड की

आगरा के कमलानगर इलाके में पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी फेक इंस्टाग्राम आईडी बनाकर एक युवती को अश्लील मैसेज भेज रहे थे। उससे पैसों की मांग कर रहे थे, और पैसे न देने पर AI से तैयार की गई अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और टीम बनाकर उसकी तलाश शुरू की। 14 नवंबर को यह मामला दर्ज किया गया था। इससे पहले आरोपियों ने 13 नवंबर को युवती के घर और आसपास के घरों में लिफाफे भी डाले थे, जिनमें युवती की AI जनित अश्लील सामग्री थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी बल्केश्वर के पास स्कूटी पर दिखे हैं। इसके बाद कमलानगर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। उनके पास से दो मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद हुई है, जिनसे यह काम किया जाता था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम सुमित कुमार और प्रशांत मिश्रा हैं, दोनों ट्रांस यमुना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ आईटी एक्ट और बीएनएस की गम्भीर धाराओं में केस दर्ज है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा के साथ उपनिरीक्षक अरविंद आर्य, उपनिरीक्षक हरिओम, कांस्टेबल अमरजीत और रौनक अली शामिल थे।