बरेली में बाबू मोहम्मद ने टीचर से 68 लाख हड़पे:घर बुलाकर टीचर का गला दबाया, बोला- टुकड़े करके दफना दूंगा

बरेली के में शिक्षक नरोत्तम सिंह के साथ जमीन के सौदे में जालसाजी और फिर हत्या की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इटौआ बेनीराम के रहने वाले नरोत्तम सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से ग्राम उड़ला जागीर के बाबू मोहम्मद से जमीन खरीदी थी। सौदे के समय 5 लाख रुपए चेक से दिए गए और रजिस्टर्ड एग्रीमेंट भी कराया गया। जमीन का कब्जा भी दे दिया गया था। लेकिन इसके बाद बाबू मोहम्मद बैनामा करने के नाम पर बार–बार पैसे लेता रहा और रजिस्ट्री टालता रहा। घटना बिथरी चैनपुर इलाके की है। 68 लाख रुपए ले चुका था, वीडियो भी मौजूद शिक्षक नरोत्तम के मुताबिक, आरोपी ने उनसे तय रकम से भी ज्यादा 68 लाख रुपए ऐंठ लिए। रुपए देने के दौरान के वीडियो और कई साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं। आरोप है कि बाबू मोहम्मद शुरू से ही बेईमानी की नीयत से सौदे में उतरा था और समय निकालकर बैनामा टालता रहा। जब नरोत्तम ने जमीन की रजिस्ट्री पर जोर दिया तो वह धमकाने लगा और 15 लाख रुपए और मांगने लगा। दबंग बाबू मोहम्मद ने पत्नी के साथ मिलकर रचा टीचर की हत्या का षड्यंत्र 12 अगस्त 2025 की शाम शातिर दिमाग बाबू मोहम्मद ने सुनियोजित तरीके से नरोत्तम को अपने घर बुलाया। वहां पहुंचते ही बाबू मोहम्मद और उसकी पत्नी उन्हें बातों में उलझाकर घर के अंदर ले गए, जहां पहले से दो अज्ञात व्यक्ति मौजूद थे। बाबू मोहम्मद, उसकी पत्नी और उसके दो साथियों ने नरोत्तम को जान से मारने की नियत से घर के अंदर पकड़ लिया और गले में गमछे का फंदा लगाकर हत्या की कोशिश करने लगे। नरोत्तम का कहना है कि बाबू मोहम्मद व उसके साथियों की योजना उनकी हत्या कर लाश गायब करने की थी, लेकिन किसी तरह हमलावरों को धक्का देकर वह बाहर भाग आए और जान बच गई। लाश के टुकड़े-टुकड़े कर जमीन में दफना देंगे टीचर नरोत्तम सिंह ने कहा- मैंने बाबू मोहम्मद से जमीन का सौदा किया था। उसने जमीन के 68 लाख रुपए भी मुझसे ले लिए। अब न जमीन का बैनामा कर रहा है और न ही रुपए वापस कर रहा है। उसने रुपए देने के बहाने अपने घर पर बुलाकर मेरी हत्या का प्रयास किया। अब उसने धमकी दी है कि तेरी हत्या कर लाश के टुकड़े-टुकड़े कर जमीन में दफना देंगे। थाने में नहीं हुई सुनवाई, मंत्री और सांसद से की शिकायत – SSP के आदेश पर FIR दर्ज पीड़ित नरोत्तम सिंह ने कार्रवाई के लिए पुलिस अफसरों के साथ प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, बरेली सांसद छत्रपाल गंगवार से गुहार लगाई थी। मंत्री ने इस मामले में पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश पर थाना बिथरी पुलिस ने टीचर नरोत्तम सिंह के रुपए हड़पने और उनकी हत्या की कोशिश के मामले में आरोपी बाबू मोहम्मद, उसकी पत्नी व साथियों के खिलाफ FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित नरोत्तम सिंह का कहना है कि बाबू मोहम्मद दबंग और कट्टरपंथी विचारों वाला है। पुलिस में शिकायत करने के बाद से वह तरह-तरह से उनको धमकियां दिलवा रहा है। उनकी जान को खतरा हो सकता है।