जौनपुर के महराजगंज-राजाबाजार मार्ग पर रविवार शाम लखिया नाले के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, मृत महिला अपने दोनों बेटों के साथ महराजगंज से दावत खाकर घर लौट रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। एक बाइक पर महिला समेत तीन लोग सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर दो युवक थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के पुर्जे सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। मृत महिला की पहचान सराय परशुराम, राजाबाजार निवासी साफरीन उर्फ सैफुल्निशा (पत्नी स्व. अमीन) के रूप में हुई है। उनके दोनों बेटे, दिलशाद (32) गंभीर रूप से घायल हैं और इरफान (29) घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दूसरी बाइक पर सवार सराय परशुराम, राजाबाजार निवासी अमन सिंह (28) पुत्र राजकुमार और सावन मौर्य (25) पुत्र विजयराज भी घायल हुए हैं। इन दोनों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महराजगंज में चल रहा है। रविवार देर शाम थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।