गुरसरांय थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार कालका प्रसाद कुशवाहा (45) की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनके साथ जा रहे नवीन नायक (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा हंसारी के पास हुआ, जब दोनों गुरसरांय से ग्राम नगरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना की जानकारी मिलते ही थाना अध्यक्ष अमीराम सिंह, उपनिरीक्षक जगतनारायण और कॉन्स्टेबल आशीष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक कालका प्रसाद का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल नवीन नायक को गुरसरांय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। इस हादसे से नगरा और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। मृतक कालका प्रसाद अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। पुलिस बोलेरो वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है।