दिल्ली ब्लास्ट के बाद श्रावस्ती में सुरक्षा कड़ी:इंडो-नेपाल बॉर्डर पर अलर्ट, सभी थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया

दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद श्रावस्ती जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इंडो-नेपाल सीमा सहित जिले के सभी थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) मुकेश चंद्र उत्तम ने थाना मल्हीपुर क्षेत्र के अंतर्गत इंडो-नेपाल बॉर्डर स्थित रघुनाथपुर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना मल्हीपुर और सिरसिया की टीमों ने स्थानीय पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के साथ मिलकर इंडो-नेपाल सीमा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। संवेदनशील क्षेत्रों, साप्ताहिक बाजारों, सार्वजनिक आयोजनों और धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार तलाशी ली जा रही है। ASP मुकेश चंद्र उत्तम ने बताया कि नेपाल से भारत आने वाले रास्तों, पगडंडियों और वन मार्गों पर पुलिस और SSB द्वारा कड़ी निगरानी की जा रही है। ककरदरी घाट से नाव द्वारा नेपाल से खरीदारी करने आने वाले लोगों के दस्तावेजों की जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। जंगली रास्तों पर भी पुलिस और SSB की टीमें गश्त कर रही हैं, और निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जा रहा है। यूपी 112 पीआरवी को निरंतर भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी इनपुट को गंभीरता से लिया जा सके। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। स्थानीय स्तर पर खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। श्रावस्ती पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या आपातकालीन नंबर डायल 112 पर दें। पुलिस ने कहा कि इस परिस्थिति में आपसी सहयोग और समन्वय अत्यंत आवश्यक है, और प्रशासन आपकी सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।