प्रतापगढ़ में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, लुटेरा घायल:महिला का लॉकेट लूटने का आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार

प्रतापगढ़ के दिलीपपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और एक लुटेरे के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान मंदिर से महिला का सोने का लॉकेट लूटने का आरोपी वेद प्रकाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। यह मुठभेड़ दिलीपपुर थाना क्षेत्र के नाजियापुर जंगल के पास हुई। मिसिद्दीपुर गांव निवासी बदमाश वेद प्रकाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हुआ। गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत काबू में कर लिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि वेद प्रकाश ने 10 नवंबर को मंदिर से लौट रही एक महिला को लिफ्ट देने के बहाने बीच रास्ते में उसका सोने का लॉकेट लूट लिया था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल कहना है पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है एक बदमाश के पैर में।गोली लगी है कि मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश जारी है। नाजियापुर जंगल के आसपास देर रात तक पुलिस टीमों ने सघन कॉम्बिंग कर इलाके की घेराबंदी की।