उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक आज सोमवार को प्रयागराज पहुंचे थे। यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। इसके पहले मीडिया से भी औपचारिक संक्षिप्त बातचीत हुई। प्रयागराज आगमन पर भाजपाइयों ने बमरौली एयरपोर्ट पर स्वागत किया। डिप्टी सीएम ने पत्रकारों के सवाल पर जवाब देते हुए कहा, बिहार में तेजस्वी यादव अपने पिता लालू प्रसाद यादव की तरह जंगल राज लाना चाहते थे। बिहार की जनता ने उनका सुपड़ा साफ कर दिया। अब पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की जंगल राज शासन का सुपड़ा साफ करने की पश्चिम बंगाल की जनता मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा ,राजद,वामदल, तृणमूल कांग्रेस के लोग बिहार विधानसभा के चुनाव में केंद्र की मोदी सरकार उखाड़ने का सपना देख रहे थे लेकिन बिहार की जनता ने उनको ही उखाड़कर फेंक दिया। वहां की जनता ने संदेश दे दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजय रथ रुकने वाला नहीं है फर्जी वोटरों से राजनीति चमकाने वालों का अंत
उन्होंने एसआईआर अभियान को लेकर कहा कि यह लोकतंत्र का महाभियान बन चुका है और इस अभियान के अंतर्गत वास्तविक मतदाता सामने आएंगे और अपने मतदान का पूरा अधिकार पाएंगे और फर्जी घुसपैठी बने मतदाता जो भारतीय लोकतंत्र को लहूलुहान कर रहे थे उनका सफाया होगा। कहा कि कांग्रेस, सपा, वामदल एवं तृणमूल जैसी राजनीतिक दल एसआईआर अभियान आने से आखिर क्यों डर रहे हैं? वो इसलिए डरे हैं क्योंकि फर्जी घुसपैठी बने मतदाताओं के बल पर ही ऐसे दल के लोग अपनी राजनीति चमकाते रहे उस पर पूर्ण विराम लग जाएगा। एयरपोर्ट पर स्वागत करने वालों में विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, विधायक दीपक पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष जमुनापार विभव नाथ भारती, मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी, रामलोचन साहू, देवाशीष पांडेय, संतोष त्रिपाठी, हर्षित मिश्रा, रॉबिन साहू, ज्ञान बाबू केसरवानी आदि रहे।