रेलबाजार में रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम महिला से 9 लाख की ठगी करने वाला पुलिस के हत्थे चढ़ गया। काफी समय से फरार 20 हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। रेलबाजार थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि लोको गेट रेलवे कॉलोनी निवासी गीता कुमारी ने आरोप लगाया था कि मूलरूप से फिरोजाबाद के जसराना नगला पदम खेरिया गांव का श्याम सिंह ने उनके बेटे सागर की रेलवे में नौकरी लगवाने का वादा किया था। उसने कहा था कि टीटी पद के लिए करीब 9 लाख रुपए लगेंगे। इसके बाद आरोपी श्याम उनके बेटे को ट्रेनिंग के लिए पश्चिम बंगाल और दिल्ली ले गया। इसके कुछ दिन बाद आरोपी ने ज्वाइनिंग लेटर और आईडी कार्ड भी दे दिया। कागजात मिलने पर बेटा उसे लेकर रेलवे विभाग में गया तो पता चला कि लेटर और आईडी कार्ड फर्जी है। ठगी का पता चलने पर उन्होंने आरोपी से नाराजगी जताई। रकम वापस मांगी तो उसने चेक दी, लेकिन चेक लगाने पर गलत हस्ताक्षर के कारण वापस आ गई। तब से वह लगातार आरोपी से रकम मांग रही हैं। कई बार आरोपी ने जान की धमकी दी। इस पर पीड़िता ने श्याम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी श्याम सिंह को रेलबाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। आरोपी पर डीसीपी पूर्वी की ओर से 20 हजार का इनाम घोषित था।