अमर सिंह की बेटियों पर टिप्पणी केस:आजम खान पर 28 नवंबर को आएगा फैसला, जेल बदलने की तैयारी भी तेज

रामपुर में सपा के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री आजम खान से जुड़े एक और मामले में फैसला 28 नवंबर 2025 को सुनाया जाएगा। यह मामला पूर्व सांसद अमर सिंह की बेटियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी से संबंधित है। एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में अभियुक्त पक्ष की बहस पूरी हो चुकी है और अब कोर्ट ने निर्णय की तारीख तय कर दी है। मामले की शुरुआत तब हुई थी जब पूर्व सांसद दिवंगत अमर सिंह ने लखनऊ के गोमतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 23 अगस्त 2018 को आजम खान ने एक न्यूज चैनल को जौहर यूनिवर्सिटी परिसर से इंटरव्यू देते समय अमर सिंह और उनके परिवार पर आपत्तिजनक बयान दिया था। बाद में केस को लखनऊ से स्थानांतरित कर रामपुर के अजीमनगर थाने में दर्ज किया गया। उधर, दो पैन कार्ड मामले में सजा मिलने के बाद आजम खान और उनके बेटे पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम को सात-सात साल की कैद की सजा सुनाई गई है। दोनों को सोमवार को रामपुर जेल भेजा गया था। लेकिन जेल प्रशासन ने मंगलवार को कोर्ट में रिपोर्ट भेजकर पिता-पुत्र को दूसरी जेल में शिफ्ट करने की मांग की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि रामपुर जेल में हाई लेवल सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं है, जबकि दोनों राजनीतिक बंदी हैं।पहले भी सुरक्षा कारणों से आजम खान को सीतापुर और अब्दुल्ला आजम को हरदोई जेल भेजा जा चुका है।