मंसूर नगर में युवती की संदिग्ध मौत:घर के पास नाले में अर्धनग्न शव मिला, पुलिस जांच जारी

एटा में सकीट ब्लॉक के ग्राम मंसूर नगर में मंगलवार शाम एक 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती का शव घर के पास एक नाले में अर्धनग्न अवस्था में मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। गांव निवासी संतोष यादव की बेटी तनिष्का उर्फ चंचल शाम करीब पांच बजे गोबर डालने निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान सड़क से लगभग 200 मीटर दूर गोबर का खाली तसला और चप्पलें मिलीं। इसके बाद परिजनों ने खेतों और आसपास के इलाके में तलाशी ली, जहां तनिष्का का शव पास के नाले में अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। परिजनों ने तत्काल सकीट पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सकीट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी सकीट कृतिका सिंह, एसपी सिटी और अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय भी घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और फील्ड यूनिट ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी सकीट कृतिका सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में युवती का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला है, जिसके चलते सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस टीम को मामले की हर एंगल से जांच करने और जल्द से जल्द तथ्य सामने लाने के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।