बेवर थाना क्षेत्र में सोमवार रात समाजवादी पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष बिजलेश तिवारी पर हमला हुआ। बिजलेश तिवारी ने आरोप लगाया है कि चार अज्ञात युवकों ने उनकी पीठ में इंजेक्शन घोंपा और हाथ पर धारदार हथियार से वार किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मोहल्ला कुचलिया निवासी बिजलेश तिवारी रात करीब आठ बजे अपने घर के पास अहाते में बैठे थे। वे लघुशंका के लिए पीछे खाली पड़ी जमीन पर गए। बिजलेश के अनुसार, वहां पहले से घात लगाए बैठे चार अज्ञात युवकों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उनकी पीठ में इंजेक्शन घोंप दिया। हमले में उनकी बांह पर धारदार हथियार से भी चोट लगी। दर्द होने पर उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। भीड़ बढ़ती देख हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बिजलेश तिवारी को सीएचसी बेवर में भर्ती कराया। उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों द्वारा इंजेक्शन के प्रभाव की निगरानी की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिल गई है। हमलावरों की पहचान के लिए कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। बिजलेश तिवारी समाजवादी पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष हैं। उनकी स्थानीय राजनीतिक सक्रियता को देखते हुए पुलिस पुरानी रंजिश सहित विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस टीम हमलावरों की पहचान के लिए कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।