हरदोई जिले के हरपालपुर क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक गौशाला में तिरपाल लगवाने गए प्रधान पति और उनके साथियों पर हमला किया गया। इस हमले में प्रधान पति के भतीजे को गोली लगने का आरोप है, जबकि कुल तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें से दो को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। अरवल थाना क्षेत्र के उमरौली-जैतपुर गांव की प्रधान उषा देवी के पति विष्णु नारायण (40) अपने भतीजे अनूप (15) और सहयोगी रमेश तिवारी (49) के साथ गांव की गौशाला में तिरपाल लगाने गए थे। इसका उद्देश्य गौवंशों को ठंड से बचाना था। इसी दौरान उन पर अचानक हमला हो गया। प्रधान पति विष्णु नारायण के अनुसार, जैसे ही वे गौशाला पहुंचे, लालपुर गांव के 10-15 लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया। मारपीट में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। विष्णु नारायण ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने तमंचे से तीन फायर भी किए, जिनमें से एक गोली उनके भतीजे अनूप के माथे के ऊपर लगी। रमेश तिवारी को भी लाठी-डंडों से चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर भेजा। वहां चिकित्सकों ने प्रधान पति विष्णु नारायण और भतीजे अनूप की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया। रमेश तिवारी का उपचार सीएचसी में ही चल रहा है। क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घायलों से घटना का विवरण लिया। वहीं, थानाध्यक्ष अरवल अमित सिंह ने बताया कि गांव में मारपीट की घटना हुई है, लेकिन फायरिंग की बात की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।