लखीमपुर में ईसानगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात रंजीतगंज पुल के पास दो बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। वहीं 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह दुर्घटना रात करीब 7:45 बजे हुई। जानकारी के अनुसार एक बस बहराइच से खीरी की ओर आ रही थी, जबकि दूसरी बस खीरी से बहराइच की तरफ जा रही थी। रंजीतगंज पुल के पास तेज रफ्तार में दोनों बसों की भीषण टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि पहली बस मनौनाधाम बरेली से श्रावस्ती के भिंगा (थाना चहलवा) जा रही थी। टक्कर के बाद दोनों बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य में मदद की। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। देखें हादसे की तस्वीरें…