हरदोई जिले के कासिमपुर थाने के पास स्थित श्री सतगुरु ज्वेलर्स की दुकान में मंगलवार देर शाम आग लग गई। इस घटना में दुकान का लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर खाक हो गया। फायर ब्रिगेड की टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम करीब सात बजे दुकान के अंदर से अचानक धुआं उठता देखा गया, जो देखते ही देखते तेज लपटों में बदल गया। आसपास के लोगों ने तत्काल दुकान मालिक अनुज सोनी को सूचना दी। फायर ब्रिगेड को भी तुरंत बुलाया गया। दमकल कर्मियों के अनुसार, आग काफी भीषण थी। दुकान के भीतर रखे लकड़ी के फर्नीचर, पैकिंग सामग्री और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के कारण आग तेजी से फैली। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। आग से दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण, मशीनें और अन्य कीमती सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।