अयोध्या में सेक्स रैकेट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रानोपाली स्थित एक मकान से 3 महिलाओं को थाने लाकर उनसे पूछताछ की। स्थानीय लोगों और मकान मालिक की शिकायत पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। यहां से महिलाओं और एक अधेड़ व्यक्ति को पकड़ा है। सभी से पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार मकान मालिक ने अपने मकान में संदिग्ध महिलाओं के होने की सूचना पुलिस को दी। इसके साथ ही आसपास के लोगों ने इस संदिग्ध गतिविधि का विरोध किया तो एक युवक मौके से अपनी बाइक छोड़कर भाग गया। स्थानीय निवासियों के बार-बार बुलाने के बावजूद वह वापस अपनी गाड़ी लेने नहीं आया, जिससे संदेह और बढ़ गया । पुलिस मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर की तलाशी ली और संदिग्ध गतिविधियों में बताई गईं महिलाओं को पकड़ लिया। आसपास के लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से मकान में संदिग्ध आवाजाही बढ़ गई थी, जिसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत की। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि महिलाओं ने बताया कि वे अयोध्या दर्शन के लिए आई थीं और यातायात प्रतिबंध के चलते अपने परिचित के आवास पर चलीं गईं। उनके पहुंचने के एक घंटे के अंदर की पुलिस पहुंच गई। पुलिस पकड़े गए सभी लोगों से पूछताछ कर रही है।