कुशीनगर के विशुनपुरा थाना क्षेत्र स्थित जंगल नौगहवा गांव में मंगलवार देर शाम भीषण आग लग गई। इंद्राशन के पुत्र नत्थू शर्मा के घर में लगी इस आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित परिवार ने बताया कि घर में एक शादी के लिए पलंग, कुर्सी और मेज बनवाने हेतु लकड़ियां रखी हुई थीं। इन्हीं लकड़ियों में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। नत्थू शर्मा के पुत्र पप्पू शर्मा बाइक मेंटेनेंस और सर्विसिंग का कार्य करते हैं। घटना के समय सर्विसिंग के लिए आई तीन बाइकें भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इससे परिवार को लाखों रुपये का अतिरिक्त आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने के दौरान गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग को अन्य घरों तक फैलने से रोका, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, तब तक नत्थू शर्मा का अधिकांश घरेलू सामान जलकर खाक हो चुका था।